भाजपा कर रही भारतीय लोकतंत्र व संसदीय व्यवस्था को कमजोर: राघव चड्ढा


चंडीगढ़
पंजाब में विधानसभा के विशेष सत्र को मंजूरी दिए जाने के बाद राज्यपाल ने उसे वापस ले लिया। इस घटनाक्रम को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। राघव चड्ढा ने कहा कि सरकारों को गिराने की गैर भाजपा सरकारों को कमजोर करने की कोशिश भारतीय जनता पार्टी सरेआम कर रही है। इसमें ईडी, सीबीआइ का भी प्रयोग होता है। सरकारें गिराने में गवर्नर के आफिस का भी प्रयोग हो रहा है।

राघव चड्ढा ने कहा कि इससे भारत का लोकतंत्र और भारत की संसदीय व्यवस्था कमजोर होती है। हम सब बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के दिखाए गए रास्ते पर चलने का प्रयास करते हैं। उनके संविधान की रक्षा करने की हमने सौगंध ली है। चड्ढा ने कहा कि उन्हें लगता है पूरे देशभर में लोगों को साथ आना होगा।

राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता के कारण कांग्रेस भी भाजपा के साथ खड़ी नजर आ रही है। पंजाब के नेता प्रतिपक्ष, जो कांग्रेस पार्टी के हैं और पंजाब के बीजेपी के प्रेसिडेंट ने मिलकर राज्यपाल को ज्ञापन व चिट्ठियां देते हैं। सेलिब्रेशन करते हैं और मिलते भी हैं।

आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा जिस हिसाब से पंजाब चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी एक बड़ी ताकत के रूप में उभरी है और राष्ट्रीय स्तर पर एक गैप को फिल करती नजर आ रही है। इससे सभी दल डरे हुए हैं। राघव चड्ढा ने कहा कि आज भारतीय राजनीति मोदी बनाम केजरीवाल बनती जा रही है। इससे कांग्रेस भयभीत है। आज भाजपा की राष्ट्रीय आम आदमी पार्टी बनती जा रही है। इससे कांग्रेस बहुत परेशान है, इसीलिए आज कांग्रेस भाजपा के साथ जाने के लिए तैयार है, ताकि केजरीवाल को रोका जा सके।

The Naradmuni Desk

The Naradmuni Desk

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.