बूथ विस्तारक अभियान: आज सतना में प्रदेश अध्यक्ष- कार्यकर्ताओं से मिले वीडी शर्मा


भोपाल
भाजपा के बूथ विस्तारक अभियान को शुरू हुए भले ही अभी तीन दिन हुए हो, लेकिन इन तीन दिनों में कांग्रेस और बसपा के कई जमीनी नेता भाजपा से जुड़ गए हैं। इस अभियान की खास बात यह है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा उन बूथों पर जा रहे हैं जहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे क्षेत्रों के जमीनी नेता अब कांग्रेस और बसपा से टूट कर भाजपा का दामन थाम रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा इस अभियान के तहत राजनगर विधानसभा के ग्राम उदयपुरा पहुंचे थे। राजनगर विधानसभा कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। उनके सामने कांग्रेस के कई जमीनी नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। उदयपुरा के सरपंच भगवत पटेल, किसान कांग्रेस के जिला महामंत्री शैलेंद्र पांडे, कांग्रेस नेता विपिन शुक्ला और मुन्ना खान ने कांग्रेस छोड़कर वीडी शर्मा के सामने भाजपा की सदस्यता ली। उदयपुरा को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। ऐसे में इस क्षेत्र के इन चार नेताओं के आने से भाजपा को यहां पर चुनाव में अब पहले से बेहतर स्थिति होने की आस जागी है।  वहीं गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में कई बूथ और हिस्से ऐसे हैं जहां पर चुनाव में भाजपा कमजोर रहती है। यहां पर बसपा का भी अपना वोट बैंक हैं। आदिवासियों की संख्या भी इस क्षेत्र में ज्यादा है। बूथ विस्तारक अभियान के दौरान यहां के पूर्व मंडी अध्यक्ष एवं आदिवासी नेता राम भरोसे ने भाजपा ज्वाइन की। राम भरोसे बसपा में थे। उन्हें भी वीडी शर्मा ने ही पार्टी की सदस्यता दिलाई।  

वीडी शर्मा आज सतना जिले में हैं। शारदा माता मंदिर के दर्शन करने के बाद उन्होंने मैहर विधानसभा के अमिलिया में बूथ समिति, पन्ना समिति की बैठक ली। दोपहर बाद वे क्षेत्र के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। शाम को बीएलए और पन्ना प्रमुख की बैठक लेंगे। वीडी शर्मा इस दौरान अपने कार्यकर्ताओं के घर पर भी पहुंचे। उन्होंने सुबह का नाश्ता और चाय अमिलिया के राकेश यादव के घर पहुंचकर किया। इसके बाद दोपहर का भोजन उन्होंने पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष राजेश तिवारी के यहां पर जाकर करेंगे। शाम की चाय भी उनकी कार्यकर्ता के निवास पर ही होगी। शाम को वे लवकुश के निवास पर जाकर चाय और नाश्ता करेंगे। शाम को वे यहां से बांधवगढ के लिए रवाना हो जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष का कहना
भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोग विश्वास जता रहे हैं। उसी का परिणाम हैं कि वर्षो से कांग्रेस और अन्य दलों में काम कर रहे जमीनी नेता अब भाजपा में आना चाह रहे हैं।
वीडी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा

The Naradmuni Desk

The Naradmuni Desk

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.