अजय सिंह का साथ देने सामने आए दिग्विजय समर्थकों ने सोशल मीडिया पर कैम्पेन किया शुरू


भोपाल
मध्य प्रदेश में विंध्य को लेकर छिड़ी सियासी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के समर्थकों ने जहां पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, वहीं अजय सिंह के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से जुड़े लोग सामने आने लगे हैं। अजय सिंह के समर्थन में सोशल मीडिया पर कैम्पेन भी शुरू किया गया है। हालांकि इस मामले पर अब तक दिग्विजय सिंह ने कोई भी टिप्पणी नहीं की है।

कमलनाथ के समर्थन में कोतमा विधायक सुनील सर्राफ ने अजय सिंह ने निशाना साधा, वहीं विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने भी कमलनाथ का बचाव किया और अजय सिंह को नसीहत दी कि पार्टी फोरम पर बात कहना थी। इधर कांग्रेस के भी कुछ नेता अजय सिंह के समर्थन में आए हैं। इसमे प्रदेश कांग्रेस के दो प्रवक्ता शामिल हैं। एक प्रवक्ता ने तो सोशल मीडिया पर अजय सिंह के समर्थन में कैम्पेन ही शुरू कर दिया है। ये प्रवक्ता दिग्विजय सिंह के कार्यक्रम को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करते हैं। दिग्विजय सिंह की कुछ पत्रकार वार्ता में भी इन्होंने आयोजित करवाई हैं।

वर्ष 2013 में विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सदन के भीतर भाजपा का साथ देने और बाद में भाजपा में शामिल होने वाले चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी को प्रदेश कांग्रेस ने रीवा जिले का संगठन प्रभारी बनाया है। राकेश सिंह चतुर्वेदी से अजय सिंह उस वक्त से ही नाराज हैं। अब उन्हें रीवा की जिले की जिम्मेदारी देने से भी अजय सिंह नाराज बताए जाते हैं।

मैहर में कमलनाथ ने कहा था कि विंध्य में कांग्रेस कार्यकर्ता मेहनत करते तो 10 से 15 सीटें और आती और हमारी सरकार नहीं गिरती। प्रदेश में सरकार गिरने के लिए विंध्य जिम्मेदार है, क्योंकि 28 सीटों वाले विंध्य में तीन सीटें मिली थी। कमलनाथ के इस बयान पर अजय सिंह ने कहा था कि कांग्रेस की सरकार विंध्य के कारण नहीं गिरी है। सरकार गिरने के लिए नाथ खुद जिम्मेदार हैं, उन्हें सरकार बचाना थी।

The Naradmuni Desk

The Naradmuni Desk

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.