खुशी दुबे की मां बोलीं-अखिलेश चाहेंगे तो लड़ूंगी चुनाव, सपा से टिकट मिलने की उम्‍मीद


कानपुर
कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड के बाद पुलिस एनकाउंटर में मारे गए विकास दुबे के करीबी अमर दुबे की सास गायत्री देवी, यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की उम्‍मीदवार हो सकती हैं। गायत्री देवी ने कहा है कि सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव चाहेंगे तो वह चुनाव लड़ेंगी। उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि सपा की सरकार बनी तो खुशी दुबे के केस वापस होंगे और उनके परिवार को न्‍याय मिलेगा। दरअसल, खुशी दुबे की मां से सोमवार को समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं ने सम्‍पर्क किया। इनमें समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता मेजर आशीष चतुर्वेदी शामिल थे। इस बारे में पूछे जाने पर गायत्री देवी ने बताया कि सपा नेताओं ने उनसे कहा है कि खुशी को अखिलेश यादव न्‍याय देंगे। सपा की सरकार बनने पर उसके सभी केस वापस होंगे। यदि खुशी की मां चुनाव लड़ना चाहेंगी तो पार्टी इस पर भी विचार करेगी। गायत्री देवी ने कहा कि अखिलेश यादव चाहेंगे तो वह चुनाव लड़ेंगी। उधर, खुशी दुबे की मां से मिलने गए सपा के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता आशीष ने मीडिया से कहा कि खुशी को गलत ढंग से जेल भेजा गया है। उसे समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव न्‍याय दिलाएंगे। सपा की सरकार बनते ही खुशी दुबे के केस वापस लिए जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि खुशी दुबे की मां यदि चुनाव लड़ना चाहेंगी तो पार्टी उस पर विचार करेगी।

खुशी की मां ने सपा नेताओं से हुई बातचीत के बाद मीडियाकर्मियों से कहा कि मुझे अखिलेश यादव पर भरोसा है। फिलहाल मेरी प्राथमिकता खुशी दुबे को न्‍याय दिलाना है। हर सरकार एक जैसी नहीं होती है। सपा की सरकार आई तो हमें न्‍याय मिलेगा। उन्‍होंने कहा कि अखिलेश यादव चाहेंगे तो मैं चुनाव लड़ूंगी। बेटी को न्‍याय दिलाऊंगी। एक सवाल के जवाब में उन्‍होंने दावा किया कि उन्‍हें कुछ अन्‍य पार्टियों से भी चुनाव लड़ने का ऑफर मिला है लेकिन उनका भरोसा अखिलेश यादव पर है।

 

The Naradmuni Desk

The Naradmuni Desk

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.