दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, कौन बनेगा जेडीयू का नया अध्यक्ष? फैसला आज


पटना 
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को शनिवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पार्टी द्वारा बुलाई गयी राष्ट्रीय कार्यकारिणी कीबैठक में इसपर फैसला होने की उम्मीद है। बैठक में शामिल होने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री और पार्टी के नेता नीतीश कुमार शुक्रवार की शाम ही दिल्ली रवाना हुए। सीएम नीतीश के अलावा जदयू के सभी पदाधिकारी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य भी शुक्रवार की शाम से ही दिल्ली पहुंचने लगे हैं। नीतीश कुमार की मौजूदगी में राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में जदयू के देशभर के शीर्ष नेता शामिल होंगे। 

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 31 जुलाई को दिल्ली के 7 जंतर-मंतर स्थित जदयू मुख्यालय में सुबह 11.30 बजे से राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक करेंगे। इस बैठक में जदयू के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, प्रधान महासचिव केसी त्यागी, राष्ट्रीय महासिचव रामनाथ ठाकुर, संजय कुमार झा, गुलाम रसूल बलियावी, अफाक अहमद खान, रामसेवक सिंह, राष्ट्रीय सचिव विद्यासागर निषाद, संजय वर्मा, आरपी मंडल और कोषाध्यक्ष व सांसद डा. आलोक कुमार सुमन आदि शिरकत करेंगे। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के एजेंडे पर चर्चा होगी। 

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में और आरसीपी सिंह की अध्यक्षता में अपराह्न 4 बजे आरंभ होगी। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य, ललन सिंह समेत सभी सांसद, करीब दो दर्जन राज्यों के जदयू प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे। इस बैठक में पांच राज्यों यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा के विधानसभा चुनाव में जदयू के शामिल होने को लेकर भी फैसला होगा। इसके साथ ही सांगठनिक मजबूती और सदस्यता अभियान पर भी निर्णय लिये जायेंगे।

The Naradmuni Desk

The Naradmuni Desk

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.