भाजपा चुनाव से पहले क्यों बदल देती है सीएम? 10 राज्यों की हार-जीत में छिपा है राज


नई दिल्ली
 
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हाल ही में त्रिपुरा में भी मुख्यमंत्री बदल दिया। बिप्लब कुमार देव की जगह राज्य की कमान मणिक साहा को दी गई है। अब यह बदलाव क्यों किया गया, इसे लेकर कई तरह की अटकलें हैं, लेकिन बीते 6 सालों के सियासी हाल एक अलग फॉर्मूले के संकेत दे रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि इन सालों में जहां भी पार्टी ने सीएम बदले वहां उसे चुनाव में बड़ी सफलता मिली है।
रिपोर्ट के अनुसार, बीते 6 सालों में भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले 4 राज्यों में 6 सीएम बदले। इनमें गुजरात और उत्तराखंड में पार्टी को जीत मिली। जबकि, दो राज्य आने वाले समय में चुनावी दौर से गुजरने वाले हैं। वहीं, इससे उलट, बीते 5 सालों में भाजपा ने जिन 6 राज्यों में सीएम नहीं बदले, वहां पार्टी बहुमत हासिल करने में असफल रही है।

कहां नहीं बदले सीएम
राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा उन राज्यों में शामिल हैं, जहां भाजपा ने सीएम नहीं बदले। खास बात है कि इन सभी राज्यों में पार्टी बहुमत हासिल करने में असफल रही। साल 2017 में भाजपा ने सीएम के तौर पर वसुंधरा राजे के साथ चुनाव लड़ा और नतीजा पार्टी कांग्रेस के हाथों हार गई। छत्तीसगढ़ में 2017 चुनाव के दौरान रमन सिंह सीएम थे। यहां भी पार्टी को कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 2019 में झारखंड में चुनाव के समय रघुबर दास सीएम थे। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शानदार प्रदर्शन के साथ भाजपा को दूसरे नंबर पर धकेल दिया। राज्य में जेएमएम और कांग्रेस ने मिलकर सरकार बनाई। मध्य प्रदेश में 2017 चुनाव में शिवराज सिंह चौहान ही मुख्यमंत्री थे। उस दौरान कांग्रेस ने चुनाव जीता था और कमलनाथ ने बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय की मदद से सरकार का गठन किया था। हालांकि, ज्योतिरादित्य सिंधिया के दल बदलने के बाद कांग्रेस की सरकार गिरी और भाजपा दोबारा सत्ता में आई थी।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा सीएम के तौर पर देवेंद्र फडणवीस के चेहरे के साथ ही उतरी। नतीजा यह हुआ कि शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस ने चुनाव के बाद गठबंधन किया और सरकार बनाई। राज्य में महाविकास अघाड़ी सरकार के सीएम उद्धव ठाकरे बने।

 

The Naradmuni Desk

The Naradmuni Desk

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.