MP NEWS: अनूपपुर में मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत और 6 घायल; फाटक रहित क्रॉसिंग पर हादसा

MP NEWS: अनूपपुर में मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत और 6 घायल; फाटक रहित क्रॉसिंग पर हादसा
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी की टक्कर से पिकअप सवार 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। हादसा चचाई थाना क्षेत्र के संजय नगर में हुआ। टक्कर के बाद मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक की पहचान चकैठी गांव निवासी रवि वर्मा के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ पिकअप में डीजे का सामान लेकर संजय नगर गया था। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद सभी सामान खाली कर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान की ओर जा रही खाली मालगाड़ी ने पिकअप को टक्कर मार दी।
गर्दन फंसने से नहीं निकल पाया युवक
पिकअप चालक कन्हैया वर्मा के मुताबिक, रेलवे क्रॉसिंग के आसपास घना जंगल और झाड़ियां हैं। वहां न तो रेलवे फाटक है और न ही गेटमैन तैनात था। मालगाड़ी को सामने देखकर वाहन में सवार कई लोग कूद गए, लेकिन रवि की गर्दन पिकअप में फंस गई। वह बाहर नहीं निकल पाया और उसकी मौत हो गई।
हादसे में अर्जुन कोल (17), विकास सिंह (22), शिवम बैग (18), कन्हैया वर्मा (25), करण कोल (19) और राजेश सिंह (26) घायल हुए हैं। सभी चकैठी गांव के निवासी हैं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे फाटक और मुआवजे की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचकर नाराजगी जताई। उन्होंने तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह के सामने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक व लाइट लगाने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने पावर प्लांट प्रबंधन से लिखित आश्वासन देने को कहा। उनकी मांग थी कि भरोसा मिलने तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाएगा और न ही शव गांव ले जाया जाएगा।
सुबह करीब 11 बजे पावर प्लांट के अधिकारी पहुंचे। इसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने, फैक्ट्री एक्ट के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने और क्रॉसिंग पर गेट लगाने का आश्वासन दिया गया।
एक साल पहले भी हुआ था हादसा
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी रेलवे क्रॉसिंग पर करीब एक साल पहले भी मालगाड़ी ने एक कार को टक्कर मारी थी। उस समय ट्रेन कार को करीब 100 मीटर तक घसीट ले गई थी, हालांकि किसी की जान नहीं गई थी। ग्रामीणों ने तब भी बैरिकेडिंग लगाने या गेटमैन तैनात करने की मांग उठाई थी।
एसडीओपी अनूपपुर सुजीत कुमार के अनुसार, पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मर्ग कायम करेगी। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →