Bhopal News: भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची का शव मिलने से सनसनी दुष्कर्म और हत्या की आशंका

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में 12 साल की बच्ची का शव एक वीरान खंडहर में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची के शरीर पर चोट और दांत से काटने जैसे निशान मिलने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर मिले हालात के आधार पर उसके साथ दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची बस्ती में रहती थी और पन्नी बीनने का काम करती थी। वह गुरुवार रात करीब 8 बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने देर रात उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार को बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर से बरामद हुआ।
खंडहर में मिला शव मौके पर पहुंची एफएसएल टीम
सूचना मिलने पर बैरागढ़ एसीपी रत्नेश तोमर और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्ची के मुंह में कपड़ा डाले जाने और उसके कपड़े व गले का पेंडेंट शव से अलग जगह मिलने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
आसिफ बेग उर्फ मोईन हिरासत में
एसीपी रत्नेश तोमर के मुताबिक, पुलिस ने संदेह के आधार पर आसिफ बेग उर्फ मोईन को हिरासत में लिया है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे बच्ची की मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकेगा।
बैरागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन चक्काजाम कर कार्रवाई की मांग
बच्ची की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बैरागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन कर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में सख्त कार्रवाई और दोषी साबित होने वाले व्यक्ति को फांसी देने की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





