Bhopal Ganesh Visarjan 2026: 1500 झांकियों के साथ निकलेगा भव्य चल समारोह, 7 घाटों पर विसर्जन; ट्रैफिक डायवर्जन

Bhopal Ganesh Visarjan 2026: 1500 झांकियों के साथ निकलेगा भव्य चल समारोह, 7 घाटों पर विसर्जन; ट्रैफिक डायवर्जन

भोपाल। अनंत चतुर्दशी के साथ शुक्रवार को दस दिवसीय गणेशोत्सव का समापन होगा। गणेश प्रतिमाओं की विदाई के लिए राजधानी भोपाल में शाम से भव्य गणेश विसर्जन चल समारोह निकलेगा। शहर के अलग-अलग इलाकों से करीब 1500 झांकियां और गणेश प्रतिमाएं जुलूस के रूप में विसर्जन घाटों तक पहुंचेंगी।

ढोल-ताशे, बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकलने वाले इस चल समारोह को लेकर नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह शाम 7 बजे सेंट्रल लाइब्रेरी, भारत टॉकीज के पास से शुरू होगा।

यहां बनाए गए स्वागत मंच पर झांकियों और गणेश प्रतिमाओं का स्वागत किया जाएगा। आकर्षक और अनुशासित झांकियों को समिति की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।

7 घाटों पर बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

नगर निगम ने बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रेमपुरा, रानी कमलापति, खटलापुरा, बैरागढ़, शाहपुरा, हथाईखेड़ा और मालीखेड़ी घाट तैयार किए हैं।

छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में विसर्जन केंद्र बनाए गए हैं। यहां से प्रतिमाओं को सुरक्षित तरीके से निर्धारित घाटों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन के मुताबिक घाटों पर सुरक्षा और बचाव के लिए:

  • 13 क्रेन
  • 12 पोकलेन मशीन
  • 184 गोताखोर
  • 98 फायरकर्मी

तैनात रहेंगे।

इसके अलावा फायर फाइटर, बचाव वाहन, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ट्यूब, रस्सी, कांटा और पीए सिस्टम समेत अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहेंगे। रात में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था के लिए विसर्जन मार्गों पर 1665 LED फ्लड लाइट लगाई गई हैं।

हर विसर्जन घाट पर अलग सुरक्षा व्यवस्था

प्रशासन ने अलग-अलग घाटों पर उपलब्ध संसाधनों के हिसाब से व्यवस्था की है।

प्रेमपुरा घाट: 4 क्रेन, 2 पोकलेन, 46 गोताखोर और 24 फायरकर्मी।

रानी कमलापति घाट: 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 36 गोताखोर और 12 फायरकर्मी।

बैरागढ़ घाट: 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 18 गोताखोर और 12 फायरकर्मी।

खटलापुरा घाट: 1 क्रेन, 1 पोकलेन, 18 गोताखोर और 12 फायरकर्मी।

मालीखेड़ी घाट: 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 12 गोताखोर और 11 फायरकर्मी।

हथाईखेड़ा घाट: 2 क्रेन, 2 पोकलेन, 36 गोताखोर और 13 फायरकर्मी।

शाहपुरा घाट: 1 पोकलेन, 18 गोताखोर और 13 फायरकर्मी।

सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की एंट्री बंद

गणेश विसर्जन और चल समारोह को देखते हुए भोपाल में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे से भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।

शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे की ओर सिटी बस और मैजिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

वहीं शाम 6 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी और पुरानी सब्जी मंडी से घोड़ा नक्कास और बस स्टैंड की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

इन रास्तों से निकलेगा मुख्य चल समारोह

मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह भारत टॉकीज से शुरू होकर इतवारा, गणेश चौक, मंगलवारा, गल्ला मंडी, हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए रानी कमलापति घाट की ओर जाएगा।

कुछ झांकियां पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा, 25वीं बटालियन और भदभदा तिराहे से होते हुए प्रेमपुरा घाट पहुंचेंगी।

25 और 26 सितंबर को लांबाखेड़ा-गोलखेड़ी मार्ग पर रोक

बाणगंगा, निपानिया नदी और खेजड़ादेव विसर्जन घाटों पर प्रतिमाओं के विसर्जन को देखते हुए 25 और 26 सितंबर को लांबाखेड़ा-गोलखेड़ी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

डंपर, ट्रक, 407 और लोडिंग पिकअप को लांबाखेड़ा से गोलखेड़ी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को डोबरा जोड़ बायपास से गोलखेड़ी और फिर बैरसिया की ओर भेजा जाएगा।

संत नगर में भी विसर्जन के लिए विशेष व्यवस्था

संत हिरदाराम नगर में भी शुक्रवार से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की गई है। छोटी प्रतिमाओं के लिए जेसीबी और बड़ी प्रतिमाओं के लिए क्रेन उपलब्ध रहेगी।

विसर्जन घाट पर शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार दोपहर तक अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे।

विसर्जन के दौरान भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर खजूरी बायपास से यातायात बंद रहेगा। इंदौर की ओर से आने वाले वाहनों को खजूरी बायपास, नरसिंहगढ़ और एयरपोर्ट रोड होते हुए लालघाटी की ओर भेजा जाएगा।

भोपाल की ओर से आने वाले वाहनों को लालघाटी से सिंगारचोली ओवरब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

अनंत चतुर्दशी पर भोपाल में स्थानीय अवकाश

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर राज्य शासन ने भोपाल में स्थानीय अवकाश घोषित किया है। इसके चलते शुक्रवार को राजधानी के सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

गणेश प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के सड़कों पर उतरने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित मार्गों और यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →