Bhopal Drug Smuggling: भोपाल ISBT पर 7.32 करोड़ की मेथाम्फेटामाइन जब्त, सलवार सूट की पैकिंग में छिपाई थी 9 किलो ड्रग्स

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर एक युवक को पकड़ा है। युवक के पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से 9.139 किलोग्राम क्रिस्टलीय मेथाम्फेटामाइन बरामद की गई है। इसकी अनुमानित कीमत 7.32 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, युवक दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली बस से भोपाल ISBT पहुंचा था। DRI की टीम ने उसके दो ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो अंदर 11 पैकेट मिले। इन पैकेटों को सलवार सूट की पैकिंग में छिपाकर रखा गया था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। तलाशी में पैकेटों के भीतर मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स होने की पुष्टि हुई।
6 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
भोपाल ISBT पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह हाल के दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले 14 अक्टूबर को DRI ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में एक महिला को पकड़ा था। उसके पास से करीब 2.08 करोड़ रुपये कीमत की एम्फेटामाइन बरामद की गई थी।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी DRI
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद DRI अब पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही, दोनों मामलों के बीच किसी तरह का संबंध होने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
भोपाल ISBT दिल्ली, नागपुर और बेंगलुरु जैसे शहरों को जोड़ने वाले प्रमुख बस मार्गों पर स्थित है। यहां लगातार बसों की आवाजाही रहती है। ऐसे में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी और जांच व्यवस्था महत्वपूर्ण हो गई है।





