भोपाल के जूनापानी में 75 वर्षीय वृद्धा को हथियार दिखाकर लूटा 2 किलो चांदी और 30 हजार रुपये ले गए बदमाश

भोपाल के जूनापानी में 75 वर्षीय वृद्धा को हथियार दिखाकर लूटा 2 किलो चांदी और 30 हजार रुपये ले गए बदमाश
भोपाल। राजधानी से सटे गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम जूनापानी में 75 वर्षीय वृद्धा को बंधक बनाकर लूट की वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार दिखाए और वृद्धा को डराकर अलमारी में रखे करीब 2 किलो चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव के अनुसार, ग्राम जूनापानी निवासी 75 वर्षीय कलाबाई की कोई संतान नहीं है। वह अपने भाई के नाती और पोते के साथ रहती हैं और खेती-बाड़ी व जमीन की देखभाल करती हैं। दोनों लड़के नाबालिग बताए जा रहे हैं।
कलाबाई घर में अकेली थीं। तभी दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने धारदार हथियार दिखाकर वृद्धा को बंधक बना लिया और उनसे जेवरात व नकदी के बारे में पूछताछ की। डर के कारण कलाबाई ने अलमारी में सामान रखे होने की जानकारी दे दी। इसके बाद आरोपी चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद नवरात्रि की पूजा करके लौटे परिजनों को कलाबाई ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शुरुआती जांच में वारदात की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए पड़ताल की और बाद में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस अब आरोपियों के घर तक पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते की जांच कर रही है। आशंका है कि बदमाश पैदल आए होंगे, हालांकि घटनास्थल से कुछ दूरी पर वाहन खड़ा करने की संभावना भी खंगाली जा रही है। फिलहाल आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और मामले से जुड़े पहलुओं पर परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →