Bhopal RTO Inspector Murder: दतिया की RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या, प्रेमी ने भी दी जान; हथौड़ा बरामद

Bhopal RTO Inspector Murder: दतिया की RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या, प्रेमी ने भी दी जान; हथौड़ा बरामद
भोपाल। राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की लेकपर्ल कॉलोनी में दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का शव उनके परिचित पवन कुमार द्विवेदी के मकान में मिला। मीनाक्षी के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और शव के पास पुलिस को खून से सना हथौड़ा मिला।
घटना के बाद मीनाक्षी के परिचित पवन कुमार द्विवेदी (48) का शव भी घर से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम को हत्या और आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
दोस्त के साथ पहुंची थीं मीनाक्षी
पुलिस के अनुसार मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी दोस्त कृतिका के साथ पवन के मकान पर पहुंची थीं। रात में कृतिका मीनाक्षी की तीन साल की बेटी के साथ अंदर वाले कमरे में सो गई।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब कृतिका उठी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और FSL टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
शादी को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन कुमार द्विवेदी मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, जबकि मीनाक्षी शादी के लिए तैयार नहीं थीं। पुलिस को आशंका है कि रविवार देर रात इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान पवन ने कथित तौर पर मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार किया। हालांकि, हत्या की परिस्थितियों और वारदात के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमॉर्टम तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही होगी।
हत्या के बाद पेड़ पर मिला पवन का शव
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मीनाक्षी पर हमले के बाद पवन घर से बाहर निकला और करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस को उसकी जेब से एक बैंक पासबुक भी मिली है। अधिकारियों के मुताबिक, पवन मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था। वह पहले इंदौर में कोचिंग क्लास संचालित कर चुका था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था।
इंदौर में हुई थी दोनों की मुलाकात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में हुई थी। उस समय मीनाक्षी अविवाहित थीं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं।
पुलिस के अनुसार मीनाक्षी का करीब दो साल पहले अपने पति से तलाक हो चुका था। उनके परिवार में तीन साल की बेटी है।
आंगन में हत्या और शव कमरे तक ले जाने की आशंका
पुलिस को घटनास्थल की जांच में आशंका है कि मीनाक्षी पर हमला घर के आंगन में किया गया और इसके बाद शव को घसीटकर पहले कमरे में ले जाया गया। कमरे को बाहर से लॉक किए जाने की बात भी सामने आई है।
हालांकि यह घटनाक्रम अभी पुलिस की जांच का हिस्सा है। FSL जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वारदात की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।
मोबाइल और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर FSL टीम से जांच कराई है। अब मीनाक्षी और पवन के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk