छतरपुर में डेयरी दुकान विवाद में अपहरण का आरोप, पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर में दूध डेयरी की दुकान को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और अपहरण के मामले तक पहुंच गया। चौबे कॉलोनी में दिनदहाड़े चार लोगों पर राकेश यादव के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जाने का आरोप लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को पकड़ लिया और राकेश यादव को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, चौबे कॉलोनी में दूध डेयरी संचालकों के बीच आसपास दुकान खोलने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मंगलवार को भज्जू यादव, ब्रजपाल यादव, चंद्रभान यादव और ओम अरजरिया पर राकेश यादव के साथ मारपीट कर उनका अपहरण करने का आरोप है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने पेट्रोल पंप से चारों को पकड़ लिया और राकेश यादव को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।





