Bhopal News: भोपाल में अभ्युदय-2026 सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे CM मोहन यादव, HR-CSR के जरिए रोजगार और सामाजिक विकास पर होगा मंथन

Bhopal News: भोपाल में अभ्युदय-2026 सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे CM मोहन यादव, HR-CSR के जरिए रोजगार और सामाजिक विकास पर होगा मंथन
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को भोपाल में चतुर्थ राष्ट्रीय एचआर-सीएसआर सम्मेलन ‘अभ्युदय-2026’ का उद्घाटन करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को संबोधित करने के साथ उनसे संवाद भी करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य मानव संसाधन (एचआर) और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से जुड़े प्रयासों को सामाजिक जरूरतों से जोड़ना है।
पर्यावरण संरक्षण और सुशासन पर केंद्रित होगा सम्मेलन
इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘समग्र कल्याण के लिए पर्यावरणीय, सामाजिक उत्तरदायित्व, सुशासन और सभ्यतागत ज्ञान का समन्वय’ रखी गई है। इसमें उद्योग जगत, सरकार, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। साथ ही जनहित से जुड़े क्षेत्रों में व्यावहारिक पहल विकसित करने और विभिन्न संस्थाओं की साझेदारी से उपयोगी मॉडल तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
कौशल विकास और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा
सम्मेलन में कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर सहयोग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसका मकसद कॉर्पोरेट और सामाजिक संस्थाओं के प्रयासों को समाज की जरूरतों के अनुरूप बनाना है, ताकि विकास से जुड़ी योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
देशभर से विशेषज्ञ होंगे शामिल
कार्यक्रम में इंडोनेशिया से पद्मश्री डॉ. अगुस इंद्र उदयाना, एस-व्यासा के कुलाधिपति पद्मश्री डॉ. एच. आर. नागेंद्र, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के प्रतिनिधि श्रीराम तिवारी और सम्मेलन के संयोजक डॉ. विक्रांत सिंह तोमर शामिल होंगे। देशभर से कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों के भाग लेने की उम्मीद है।
इस सम्मेलन का आयोजन संस्कृति विभाग के श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन संयुक्त रूप से कर रहे हैं। डॉ. विक्रांत सिंह तोमर की संस्था यूनाइटेड काउंसिल फॉर एंशिएंट विजडम-यूनाइटेड कॉन्शसनेस भी आयोजन में सहयोग कर रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →