सीएम मोहन यादव के शहडोल दौरे से पहले कांग्रेस का प्रदर्शन रोकने की कार्रवाई, कई कार्यकर्ता हिरासत में

शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शहडोल दौरे से पहले जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। धनपुरी, बुढ़ार और अमलाई थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
काले झंडे दिखाने के ऐलान के बाद पुलिस अलर्ट
मुख्यमंत्री के 25 अक्टूबर के एक दिवसीय दौरे को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाएंगे।
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीमों ने तड़के अलग-अलग स्थानों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
बाणगंगा मैदान में 400 करोड़ से अधिक के विकास कार्य
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहडोल के बाणगंगा मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में छह जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को सिंगल क्लिक के माध्यम से बोनस राशि का अंतरण किया जाना है।
इसके अलावा जिले में 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण प्रस्तावित है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।




