Ujjain News: उज्जैन में CM मोहन यादव ने गरबा महोत्सवों में की शिरकत महाकाल लोक के पास 10 महाविद्याओं के किए दर्शन

Ujjain News: उज्जैन में CM मोहन यादव ने गरबा महोत्सवों में की शिरकत महाकाल लोक के पास 10 महाविद्याओं के किए दर्शन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अपने गृह नगर उज्जैन में नवरात्रि उत्सव के दौरान विभिन्न गरबा महोत्सवों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की आरती उतारी और श्रद्धालुओं को महाअष्टमी, महानवमी तथा विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने श्री महाकाल महालोक के समीप स्थित दस महाविद्याओं के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
कई गरबा आयोजनों में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री दशहरा मैदान, डालडा फैक्ट्री और सामाजिक न्याय परिसर में आयोजित गरबा कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसके अलावा उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज बायपास स्थित सनातन मंच, ऋषि नगर और सिंधी समाज के गरबा उत्सवों में भी सहभागिता की। डालडा मैदान में संस्था ‘अलख उज्जैनी’ के आयोजन में उन्होंने परिवार और बेटियों के साथ नवरात्रि मनाने की परंपरा का उल्लेख करते हुए मातृशक्ति को नमन किया।
10 महाविद्याओं के किए दर्शन
गरबा कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री जयसिंहपुरा स्थित महाकाल लोक के समीप पहुंचे। यहां उन्होंने महाकाली माता और दस महाविद्याओं के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद किया और उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा की।
भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां जगदंबा के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत दुश्मनों का सामना करने और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने में सक्षम है। उन्होंने देश के सशस्त्र बलों के पराक्रम की सराहना की।
उज्जैन के गौरवशाली इतिहास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने उज्जैन की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि अवंतिका सहित विभिन्न नामों से प्रसिद्ध इस नगरी का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि मां के आशीर्वाद से उज्जैन का स्वरूप लगातार निखर रहा है।
इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। डॉ. मोहन यादव स्वर्गीय भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति में आयोजित ‘डांडिया नी रात’ पारिवारिक गरबा महोत्सव में भी शामिल हुए। उनके दौरे के दौरान विभिन्न गरबा पंडालों में श्रद्धालुओं और आयोजकों में उत्साह देखने को मिला।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →