CM Yogi Mother Death: योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर सीएम मोहन यादव ने जताया शोक, कहा- मां का स्थान कोई नहीं ले सकता

भोपाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना असंभव है। जीवन में मां का स्थान कोई नहीं ले सकता। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, "उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता।"
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, "इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
2024 में एम्स ऋषिकेश में हुई थीं भर्ती
सावित्री देवी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रही थीं।
14 मई 2024 को स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें उत्तराखंड के एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था।
उस समय उन्हें अस्पताल के जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था, जहां बुजुर्ग मरीजों का उपचार किया जाता है।
जानकारी के अनुसार, बीते महीनों में भी उनकी तबीयत कई बार खराब हुई थी।
उत्तराखंड के पंचूर गांव में रहता है परिवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रहने वाले हैं।
उनका पैतृक गांव पंचूर जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में स्थित है।
योगी आदित्यनाथ का परिवार इसी गांव में रहता है।
संन्यास लेने और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होने के बाद भी योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और परिवार से जुड़ाव बना रहा है।
2020 में हुआ था पिता का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन वर्ष 2020 में हुआ था।
उस समय उनकी उम्र करीब 89 वर्ष थी।
अब छह साल बाद उनकी मां सावित्री देवी का भी निधन हो गया है।
सावित्री देवी के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।





