MP NEWS: दमोह में खेत में खड़ी पिकअप से 200 पेटी अवैध शराब जब्त, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खेत में खड़ी एक पिकअप से करीब 200 पेटी शराब जब्त की है। कार्रवाई शुक्रवार दोपहर पथरिया थाना क्षेत्र के रजवास तिराहा के पास की गई। शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस मौके से फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
संगठन की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों को रजवास चौराहे के पास एक खेत में अवैध शराब से भरी पिकअप खड़ी होने की सूचना मिली थी। संगठन के सदस्यों ने तत्काल पथरिया थाना प्रभारी को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत में खड़ी पिकअप की तलाशी ली। इस दौरान वाहन से करीब 200 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शराब जब्त कर ली।
मौके पर नहीं मिला कोई आरोपी
पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला। कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
भाजपा नेता के खेत होने की जानकारी की जांच
प्रारंभिक जानकारी में खेत किसी भाजपा नेता का बताया जा रहा है, हालांकि संबंधित व्यक्ति का नाम अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। खेत के स्वामित्व और शराब से उसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





