Damoh News: दमोह-कटनी मार्ग पर 32 मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 20 से ज्यादा घायल

Damoh News: दमोह-कटनी मार्ग पर 32 मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 20 से ज्यादा घायल
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में दमोह-कटनी मार्ग पर हिंडोरिया थाना क्षेत्र में टोल के पास गुरुवार देर रात मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी मजदूर सोयाबीन की फसल की कटाई के बाद अपने घर लौट रहे थे।
पिकअप में सवार थे करीब 32 मजदूर
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में करीब 32 मजदूर सवार थे। ये सभी सागर जिले के बागरोद में सोयाबीन की फसल काटने गए थे। गुरुवार को काम पूरा होने के बाद वे पिकअप से मैहर जिले स्थित अपने घरों के लिए रवाना हुए थे।
घायल मजदूर राजभान सिंह के अनुसार, दमोह-कटनी मार्ग पर एक मोड़ के पास चालक ने ब्रेक लगाए। इसी दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। शुरुआती जानकारी में अंधे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह बताया जा रहा है।
सिर और पैरों में आई चोटें
हादसे में घायल महिला गीता ने बताया कि घटना के समय वह सो रही थीं। अचानक पिकअप पलटने से उनकी नींद खुली और वह घायल हो गईं।
घटना के बाद डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकांश घायलों को दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ को हिंडोरिया अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर पीयूष निमाड़े और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का इलाज शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कई मजदूरों के सिर और पैरों में चोटें आई हैं। फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल मजदूर मैहर जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →