देवास के राजोदा गांव में जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों का हमला 40 से ज्यादा घायल एक युवक इंदौर रेफर

देवास के राजोदा गांव में जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों का हमला 40 से ज्यादा घायल एक युवक इंदौर रेफर
देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के राजोदा गांव में मंगलवार सुबह जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से 11 लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया।
कुएं में नहाने के दौरान भड़कीं मधुमक्खियां
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जवारा विसर्जन के दौरान कुछ लोग कुएं में नहाने के लिए उतरे थे। कुएं के ऊपर पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। नहाते समय पानी के छींटे छत्ते तक पहुंच गए, जिसके बाद मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायल संतोष पाटीदार के मुताबिक, कुछ लोग मधुमक्खियों से बचने के लिए करीब 2 किलोमीटर तक दौड़े। कई लोगों ने नीम की डालियों और हाथों की मदद से खुद को बचाने की कोशिश की। कुछ लोग जालीनुमा नेट ओढ़कर करीब 15 मिनट तक छिपे रहे।
गंभीर युवक के शरीर से निकाले 200 से ज्यादा डंक
जिला अस्पताल के डॉ. शरद वीरपरा के अनुसार, मधुमक्खियों के हमले में घायल 11 लोगों को अस्पताल लाया गया। इनमें कान्हा नाम के युवक की हालत गंभीर थी। उसके शरीर से 200 से ज्यादा डंक निकाले गए। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। अन्य भर्ती घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है और उनका इलाज जारी है।
विसर्जन में करीब 200 लोग थे शामिल
ग्रामीण अशोक चौधरी के मुताबिक, जवारा विसर्जन में करीब 200 लोग शामिल थे। मधुमक्खियों के हमले में 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कई घायलों का राजोदा गांव में ही उपचार किया गया, जबकि कुछ लोगों को स्थानीय स्तर पर ड्रिप भी चढ़ाई गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इंदौर रेफर किए जाने के बाद अन्य घायलों का उपचार जारी है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →