MP News: ग्वालियर में कार्बाइड गन बनाने वाली फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, 66 गन जब्त; दुकानदार हिरासत में

ग्वालियर। दीपावली से पहले ग्वालियर पुलिस ने कार्बाइड गन बनाने और बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिरोल क्षेत्र में एक कारखाने पर छापा मारकर 58 कार्बाइड गन जब्त की गईं, जबकि मुरार की दो दुकानों से 8 गन बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने कुल 66 गन जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान एसएसपी धर्मवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सिरोल में ऑर्डर पर बनाई जा रही थीं कार्बाइड गन
पुलिस ने सिरोल चौराहे पर स्थित मां पीतांबरा स्टील ट्रेडर्स पर छापा मारा। जांच के दौरान सामने आया कि दीपावली के लिए ऑर्डर पर कार्बाइड गन तैयार की जा रही थीं। पुलिस ने मौके से 47 सिंगल गन, 10 डबल गन और पांच वाली एक गन सहित कुल 58 गन जब्त कीं। इसके अलावा पोटाश के पांच पैकेट भी बरामद किए गए।
पुलिस ने दुकानदार रमन ओझा को हिरासत में लिया है। उससे गन की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मुरार की दो दुकानों से भी मिलीं 8 गन
पुलिस ने मुरार के घासमंडी क्षेत्र में भी कार्रवाई की। यहां दो दुकानों से 8 कार्बाइड गन जब्त की गईं। संबंधित दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन गनों का निर्माण और वितरण किन लोगों के माध्यम से किया जा रहा था।
कार्बाइड गन के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्बाइड व पोटाश गन के खिलाफ अभियान तेज किया है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत धारा 163 के अंतर्गत कार्बाइड गन के निर्माण, खरीद और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बाद पुलिस की संयुक्त टीमें हार्डवेयर, वेल्डिंग, स्टील-आयरन से जुड़ी दुकानों और थोक पटाखा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में ग्वालियर में कार्बाइड गन से जुड़े 19 मामले सामने आए थे। इन घटनाओं में 18 लोगों की आंखों के कॉर्निया में चोट पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि दीपावली के दौरान इस तरह की खतरनाक गनों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।





