Gwalior News: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने 41 श्रद्धालुओं को कुचला 15 की मौत 26 घायल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ढलान पर बेकाबू हुआ धान से भरा ट्रक
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक ढलान पर बेकाबू हो गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक गूगल मैप की मदद से रास्ते पर चल रहा था। ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल होने के बाद वाहन पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को कुचलता चला गया। इसके बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए।
.
जयारोग्य अस्पताल में घायलों का इलाज
हादसे में घायल लोगों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की मुफ्त इलाज की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की मौत की खबर बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि सभी घायलों का नि:शुल्क इलाज कराया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से जुड़े हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मौत से उनका मन व्यथित है और हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
हादसे के बाद भी मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु
हादसे के बाद शीतला माता मंदिर के आसपास हालात सामान्य होने की जानकारी दी गई है। अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। हालांकि, इस दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





