Drugs Smuggling: इंदौर में 25.40 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ ससुर-दामाद गिरफ्तार राजस्थान से जुड़े तस्करी के तार

MP NEWS: मध्य प्रदेश के इंदौर में क्राइम ब्रांच ने 25.40 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ ससुर और दामाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुपर कॉरिडोर के पास बाइक सवार दोनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली, जिसमें 254 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। शुरुआती जांच में ड्रग्स की सप्लाई के तार राजस्थान के सीमावर्ती इलाके से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी निवासी समीर खान और सीतामऊ निवासी उसके ससुर जाकिर हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि दोनों मंदसौर से ड्रग्स लेकर इंदौर में सप्लाई करने आए थे। अब यह पता लगाया जा रहा है कि ड्रग्स किसे दी जानी थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में समीर खान ने बताया कि उसके पिता की हाल ही में बायपास सर्जरी हुई थी, जिसके चलते उस पर कर्ज बढ़ गया। अपने कारोबार में कम मुनाफा होने के कारण उसने ससुर के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, समीर आठवीं तक पढ़ा है और लहसुन बेचता है, जबकि जाकिर हुसैन 12वीं तक पढ़ा है और टोस्ट का ठेला लगाता है। दोनों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। क्राइम ब्रांच अब ड्रग्स के स्रोत, इंदौर में इसके खरीदार और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।





