Jabalpur News: छत्तीसगढ़ से बालाघाट के रास्ते जबलपुर पहुंचे 40 जंगली हाथी वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

Jabalpur News: छत्तीसगढ़ से बालाघाट के रास्ते जबलपुर पहुंचे 40 जंगली हाथी वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी वन क्षेत्र में करीब 40 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से वन विभाग सतर्क हो गया है। छत्तीसगढ़ से लगभग 300 किलोमीटर का सफर तय कर हाथियों का यह दल बालाघाट के रास्ते जबलपुर पहुंचा है। रविवार को हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में अलर्ट जारी कर निगरानी बढ़ा दी है
बालाघाट के रास्ते बरगी पहुंचे हाथी
जानकारी के मुताबिक, हाथियों के झुंड ने छत्तीसगढ़ से अपनी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद यह बालाघाट जिले के चूरापूड़ी से होते हुए नकटिया और परासिया क्षेत्र पार कर बरगी के जंगलों में पहुंचा। वन अधिकारियों के अनुसार, हाथियों के चलने की गति और दूरी तय करने का कोई निश्चित पैमाना नहीं होता। वे कभी लंबी दूरी तय करते हैं, तो कभी एक दिन में 20 से 30 किलोमीटर तक ही चलते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, बरगी और आसपास के जंगलों में हरियाली, पानी और भोजन की उपलब्धता हाथियों को आकर्षित कर सकती है। रास्ते में खेतों से भोजन मिलने के कारण भी उनकी रफ्तार प्रभावित हुई। फिलहाल, खेतों में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी सामने आई है, लेकिन किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
40 से अधिक वनकर्मियों की टीम तैनात
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने 40 से अधिक वनकर्मियों की विशेष टीम तैनात की है। टीम चौबीसों घंटे निगरानी कर रही है। इसके साथ ही पड़ोसी सिवनी वन क्षेत्र को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि हाथियों की आगे की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।
ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह
वन विभाग की प्राथमिकता हाथियों को जंगल के भीतर बनाए रखना है, ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष की आशंका को कम किया जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को घने जंगलों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वन मंडल अधिकारी पुनीत सोनकर के मुताबिक, हाथियों के विचरण की कोई निश्चित सीमा नहीं होती। फिलहाल वन विभाग की टीम उनकी संख्या और आगे बढ़ने की दिशा का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों की निगरानी में अब यह देखा जा रहा है कि हाथियों का झुंड बरगी क्षेत्र में कितने समय तक रहता है और आगे किस दिशा में बढ़ता है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →