JABALPUR NEWS: पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मची अफरा तफरी

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रिछाई औद्योगिक क्षेत्र की पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री, पैकेजिंग मैटेरियल और खाद्य तेल बड़ी मात्रा में मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग बढ़ते देख एहतियात के तौर पर फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग की जानकारी मिलते ही पुलिस और औद्योगिक क्षेत्र प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।





