जबलपुर: 2 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की कोशिश का आरोप हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दो साल की मासूम बच्ची के अपहरण, यौन अपराध और हत्या की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। निर्माणाधीन इमारत में परिवार के साथ सो रही बच्ची रात में अचानक गायब हो गई। बाद में वह पास की दूसरी निर्माणाधीन इमारत के नजदीक घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने मामले में दमोह जिले के जबेरा निवासी 28 वर्षीय आशीष पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आधी रात परिवार के बीच से गायब हुई बच्ची
घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात की है। मजदूरी करने वाला परिवार निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच परिजनों की नींद खुली तो बच्ची गायब मिली। परिवार ने आसपास तलाश की, जिसके बाद बच्ची दूसरी निर्माणाधीन इमारत के पास घायल अवस्था में मिली।
परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में अपहरण का मामला दर्ज किया। मेडिकल जांच में यौन अपराध की पुष्टि होने के बाद प्रकरण में पॉक्सो अधिनियम, दुष्कर्म और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आशीष पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसे चुप कराने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भाग गया। वह बच्ची को मृत समझकर फरार हुआ था। समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से बच्ची की जान बच गई।
आरोपी पर चोरी और लूट समेत 11 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट, घर में घुसकर वारदात और आर्म्स एक्ट सहित 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बुजुर्ग महिला के घर हुई घटना में भी जांच
इसी रात कोतवाली थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला के घर में घुसकर मारपीट और चोरी की कोशिश की घटना भी सामने आई थी। पुलिस इस मामले में भी आशीष पटेल की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। इस घटना को लेकर अलग से एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। वहीं, बच्ची का उपचार जारी है।





