MURDER: खरगोन में बीजेपी सोशल मीडिया प्रभारी साहेब राम चौहान की हत्या थाने के सामने NH पर चक्काजाम

MURDER: खरगोन में बीजेपी सोशल मीडिया प्रभारी साहेब राम चौहान की हत्या थाने के सामने NH पर चक्काजाम
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में बीजेपी के सेवरी धाम मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी साहेब राम चौहान की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर भीकनगांव थाने के सामने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बाइक सवार दो हमलावरों पर हत्या का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात रामपुरा क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने साहेब राम चौहान पर हमला किया और मौके से फरार हो गए। हमले में उनकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है।
गिरफ्तारी की मांग पर हाईवे जाम
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और समर्थक आक्रोशित हो गए। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने भीकनगांव थाने के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया।
स्थिति को संभालने के लिए थाना प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया और जाम खुलवाने के प्रयास किए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
साहेब राम चौहान के शव को भीकनगांव के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में टीमें रवाना की गई हैं।
फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →