मध्य प्रदेश में भूकंप: खरगोन के बाद धार में भी महसूस हुए झटके, 10 सेकंड तक कांपी धरती

मध्य प्रदेश में भूकंप: खरगोन के बाद धार में भी महसूस हुए झटके, 10 सेकंड तक कांपी धरती

धार। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह आए भूकंप के झटके धार जिले में भी महसूस किए गए। सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर आए 4.5 तीव्रता के भूकंप से नर्मदा किनारे बसे इलाकों में धरती कांप उठी। अचानक हुए कंपन से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। धार जिले के धरमपुरी नगर में भी भूकंप का असर देखने को मिला। स्थानीय व्यापारी राकेश कुमरावत ने बताया कि वे सुबह बिस्तर पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक चार्जर में कंपन होने लगा और खिड़की हिलने लगी। करीब 10 सेकंड तक झटके महसूस किए गए।

स्थानीय निवासी तोसिफ शेख ने बताया कि सुबह करीब सवा नौ बजे वे बिस्तर पर लेटे हुए थे और बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक धरती हिलने लगी। करीब 5 से 7 सेकंड तक कंपन महसूस हुआ। जब वे घर से बाहर निकले तो आसपास के लोग भी भूकंप के झटकों को लेकर बातचीत कर रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र खरगोन जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इसके झटके खरगोन के अलावा खंडवा, बुरहानपुर, सेंधवा और धार जिले के कई इलाकों में महसूस किए गए। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि अचानक आए झटकों ने लोगों को डरा दिया।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →