DHEERENDRA KRISHNA SHASTRI: मैहर में धीरेंद्र शास्त्री और एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने खेला क्रिकेट, गेंदबाजी पर लगे चौके-छक्के; आज होगा सनातन संवाद

मैहर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मैहर पहुंच गए हैं। गुरुवार देर रात यहां पहुंचे शास्त्री ने शुक्रवार को मां शारदा मंदिर में दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इससे पहले उनका क्रिकेट खेलने का वीडियो सामने आया, जिसमें वह मैहर के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के साथ मैदान पर नजर आए।
एसपी ने लगाए चौके-छक्के
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मैहर के केजेएस आवासीय परिसर में एसपी अवधेश प्रताप सिंह के साथ क्रिकेट खेला। इस दौरान एसपी ने धीरेंद्र शास्त्री की गेंदों पर चौके-छक्के लगाए, जबकि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर भी बल्लेबाजी करते हुए सिक्स लगाते नजर आए। क्रिकेट खेलने का यह वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है।
आज मैहर में होगा सनातन संवाद
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार दोपहर 12 बजे से केजेएस आवासीय परिसर में सनातन संवाद कार्यक्रम करेंगे। मैहर में यह उनका पहला कार्यक्रम बताया जा रहा है। इसमें धार्मिक, आध्यात्मिक और सनातन परंपराओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मुंबई और कोटा में भी खेल चुके हैं क्रिकेट
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इससे पहले भी क्रिकेट खेलते नजर आ चुके हैं। करीब एक साल पहले मुंबई में कथा के बाद उन्होंने सेवादारों और महाराष्ट्र पुलिस के जवानों के साथ क्रिकेट मैच खेला था। उस मुकाबले में दोनों टीमों में 9-9 खिलाड़ी शामिल थे और 6 ओवर का मैच हुआ था।
वहीं, करीब 9 महीने पहले राजस्थान के कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र में भी उन्होंने क्रिकेट खेलते हुए चौके-छक्के लगाए थे। अब मैहर में एसपी के साथ उनका क्रिकेट खेलने का वीडियो चर्चा में है।





