Gold Fraud: धार के मनावर में ज्वेलर्स से 8.40 लाख के सोने की धोखाधड़ी, पति-पत्नी गिरफ्तार

Gold Fraud: धार के मनावर में ज्वेलर्स से 8.40 लाख के सोने की धोखाधड़ी, पति-पत्नी गिरफ्तार
धार के मनावर में ज्वेलर्स से 8.40 लाख के सोने के आभूषण लेने और भुगतान नहीं करने के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन सोने की चेन और दो अंगूठियां जब्त की गई हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, धार रोड स्थित स्वर्ण श्री ज्वेलर्स के संचालक वैभव सोनी की दुकान पर 10 मई 2026 को विशाल विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ पहुंचा था। दंपती ने तीन सोने की चेन और दो अंगूठियां खरीदीं, जिनकी कुल कीमत 8 लाख 40 हजार 500 रुपये थी।
आरोप है कि दंपती ने 2 लाख रुपये जमा करने और शेष राशि बाद में चुकाने का भरोसा दिया था। उन्होंने आभूषण परिवार को दिखाकर जल्द लौटाने की बात भी कही। पुराने परिचय के चलते व्यापारी ने उन्हें जेवर ले जाने दिए, लेकिन बाद में न तो आभूषण लौटाए गए और न ही भुगतान किया गया।
व्यापारी ने 18 अक्टूबर को मनावर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 736/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इंदौर निवासी धर्मेंद्र पाटीदार दंपती से 5 लाख रुपये मांग रहा था। आरोप है कि इसी रकम के बदले दंपती ने व्यापारी से लिए गए आभूषण उसे दे दिए थे। पुलिस इस लेनदेन से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव और उपनिरीक्षक रानी राठौर के मुताबिक, पुलिस ने तीन सोने की चेन और दो अंगूठियां जब्त की हैं। इनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 40 हजार 500 रुपये है। कार्रवाई में मनावर पुलिस और धार साइबर सेल के कर्मचारियों की भूमिका रही।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →