MP Bulldozer Action: भोपाल में 599 और इंदौर में 62 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई, कांग्रेस नेता हिरासत में, मंदिर तोड़ने का भी विरोध

MP Bulldozer Action: भोपाल में 599 और इंदौर में 62 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई, कांग्रेस नेता हिरासत में, मंदिर तोड़ने का भी विरोध

भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश के दो बड़े शहरों भोपाल और इंदौर में सोमवार को जर्जर मकानों और विवादित जमीन पर बने आवासों को हटाने के लिए बड़े स्तर पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में 599 जर्जर ईडब्ल्यूएस आवासों को हटाने के लिए 10 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं। अधिकांश मकानों को तोड़ा जा चुका है। वहीं, इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई जारी है, जिनमें से 30 मकान तोड़े जा चुके हैं। भोपाल में विरोध की आशंका के चलते कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इंदौर में प्रभावित परिवार धरने पर बैठ गए हैं। यहां कालका माता मंदिर को तोड़ने की तैयारी का भी स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं।

भोपाल में 599 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई

राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह से ही हाउसिंग बोर्ड और प्रशासन की टीम ने जर्जर मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

इसके लिए 10 पोकलेन मशीनों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दोपहर तक अधिकांश ब्लॉक के मकानों को ध्वस्त किया जा चुका था। केवल एक ब्लॉक के मकानों को हटाने की कार्रवाई बाकी थी।

भोपाल शहर वृत्त के एसडीएम लाखन सिंह चौधरी ने बताया कि अधिकांश आवासों को हटाया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने अपनी सहमति से मकान खाली किए हैं और कार्रवाई के दौरान किसी तरह की विवाद की स्थिति नहीं बनी है।

2016 में ही जर्जर घोषित कर दिए गए थे मकान

ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर के करीब 600 ईडब्ल्यूएस आवासों को भोपाल नगर निगम ने मई 2016 में ही जर्जर और जानलेवा घोषित कर दिया था।

इसके बाद वर्ष 2018 में भी मकान खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि, कई मकान खाली नहीं हुए थे।

हाउसिंग बोर्ड ने रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने और अपना सामान हटाने का अंतिम नोटिस दिया था। इसके बाद 14 नवंबर से कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन विरोध और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टाल दिया गया था।

पूर्व में हुए विरोध के दौरान तीन महिलाओं की तबीयत भी बिगड़ गई थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अब पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता के बाद 23 नवंबर को मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई है।

छुट्टी के दिन हाईकोर्ट में हुई विशेष सुनवाई

जनता क्वार्टर के मकानों को तोड़ने की कार्रवाई के खिलाफ जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। रविवार 22 नवंबर को छुट्टी के दिन इस मामले में विशेष सुनवाई हुई।

जस्टिस विशाल मिश्रा की कोर्ट ने सभी क्वार्टरों के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हालांकि, क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को दो दिन की राहत दी गई है।

इस क्वार्टर को दो दिन बाद हटाया जाएगा, जबकि मकान में रखा सामान सोमवार को ही बाहर निकाला जाएगा।

याचिकाकर्ता और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी कलेक्टर के साथ बैठक कर किराए की राशि तय करेंगे। इसकी जानकारी बुधवार को हाईकोर्ट में दी जाएगी।

सुबह आठ बजे से पुलिस हिरासत में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान विरोध और हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह आठ बजे उनके घर से हिरासत में ले लिया।

उन्हें अशोका गार्डन थाने में रखा गया है। मनोज शुक्ला ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था किए बिना उनके मकान तोड़ना उचित नहीं है।

उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर भी निशाना साधा। शुक्ला ने कहा कि एक ओर क्षेत्र की महिलाओं को बहन मानकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया जाता है, वहीं दूसरी ओर उन्हीं परिवारों के सिर से छत छीनी जा रही है।

पुराने मकानों की जगह बनेंगे आधुनिक बहुमंजिला फ्लैट

मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के तहत हाउसिंग बोर्ड ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर क्षेत्र का पुनर्विकास करने जा रहा है।

योजना के तहत पुराने और जर्जर भवनों को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला आवासीय परिसर विकसित किया जाएगा।

सभी वैध आवंटियों को उनके वर्तमान मकान से 20 प्रतिशत अधिक बड़े नए फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।

निर्माण अवधि के दौरान वैध आवंटियों को कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित किराए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी।

इससे पहले प्रशासन ने घर-घर संपर्क अभियान और विशेष शिविरों के माध्यम से रहवासियों की समस्याओं और आशंकाओं का समाधान करने की कोशिश की थी।

रास्ते बंद होने से दुकानदार और स्थानीय लोग परेशान

बुलडोजर कार्रवाई को देखते हुए रविवार शाम से ही जनता क्वार्टर के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई थी। क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले रास्तों को बंद कर यातायात डायवर्ट किया गया है।

कार्रवाई के दौरान आसपास की दुकानें भी बंद कराई गईं। स्थानीय दुकानदार कमाल खान ने बताया कि दुकानें और रास्ते बंद होने से कारोबार प्रभावित हुआ है।

वहीं, कई रहवासियों ने कार्रवाई से पहले ही अपने मकान खाली कर सामान बाहर निकाल लिया था।

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 62 मकानों पर कार्रवाई

इंदौर के एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में भी सोमवार सुबह नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू की।

यहां कुल 62 मकानों को हटाया जाना है। दोपहर तक 30 मकानों को ध्वस्त किया जा चुका था। कार्रवाई के लिए करीब 600 अधिकारियों और कर्मचारियों का अमला तथा 12 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं।

इससे पहले 16 और 17 नवंबर को कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने के कारण इसे टाल दिया गया था। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

23 साल से चल रहा है जमीन का विवाद

कृष्णबाग कॉलोनी में मकान हटाने का मामला ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है।

इस जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है।

जमीन का मामला तहसीलदार न्यायालय से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।

शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के आदेश दिए थे।

इसके बाद शेष 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया था। इन रहवासियों के खिलाफ बेदखली के आदेश पहले ही अंतिम हो चुके हैं।

कालका माता मंदिर को तोड़ने की तैयारी, स्थानीय लोगों का विरोध

कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों को हटाने के बीच कालका माता मंदिर को भी तोड़ने की तैयारी की जा रही है।

मंदिर प्रबंधन को परिसर खाली करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया है। प्रशासन की इस तैयारी का स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं।

मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने माता के जयकारे लगाए और मंदिर हटाने पर नाराजगी जताई।

इससे पहले मकान तोड़ने की कार्रवाई के दौरान मलबे में दबी भगवान की एक मूर्ति को नगर निगम कर्मचारियों ने निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखा।

मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे दो परिवार

इंदौर में मकान तोड़ने की कार्रवाई के विरोध में दो प्रभावित परिवार धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे धरने से नहीं उठेंगे।

स्थानीय रहवासी राजेश बैरागी ने बताया कि उनका परिवार करीब 30 साल से यहां रह रहा है। वह नियमित रूप से नगर निगम को संपत्ति कर भी जमा करते रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब उनके परिवार को बेघर कर दिया गया है और किसी तरह का मुआवजा भी नहीं दिया गया है।

प्रभावित परिवारों के समर्थन में उतरी कांग्रेस

इंदौर में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राहुल धाकरे ने भी बुलडोजर कार्रवाई का विरोध किया है।

उन्होंने कहा कि मकान खरीदने वाले लोगों को जमीन के विवाद की जानकारी नहीं थी। ऐसे में प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

धाकरे ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

फिलहाल भोपाल और इंदौर दोनों शहरों में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मकानों को हटाने की कार्रवाई जारी है। वहीं, प्रभावित परिवार वैकल्पिक आवास और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →