MP Police News: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले 9 पुलिसकर्मियों के परिवारों को मिलेंगे 1-1 करोड़ रुपये

MP Police News: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले 9 पुलिसकर्मियों के परिवारों को मिलेंगे 1-1 करोड़ रुपये
भोपाल। मध्य प्रदेश में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले 9 पुलिसकर्मियों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर इन परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति और अन्य पात्र लाभ भी दिए जाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, सितंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग घटनाओं में इन पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। राज्य सरकार ने वर्ष 2017 में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।
नक्सलियों से मुठभेड़ में निरीक्षक की मौत
इन पुलिसकर्मियों में निरीक्षक आशीष शर्मा भी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के कांकेर क्षेत्र के जंगलों में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा के पास नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान उनकी जान चली गई थी।
लापता बच्ची की तलाश में तीन पुलिसकर्मियों की मौत
सितंबर 2025 में उज्जैन जिले के उन्हेल थाने में पदस्थ तीन पुलिसकर्मियों की शिप्रा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। ये पुलिसकर्मी 14 वर्षीय लापता बच्ची की तलाश में मिले सुराग के आधार पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार नदी में गिर गई। हादसे में उपनिरीक्षक आलोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मदनलाल निनामा और आरक्षक आरती पाल की जान चली गई।
सड़क हादसों में भी गई जान
ड्यूटी के दौरान सड़क हादसों में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों में उमरिया के प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश भावेदी, राजगढ़ के प्रधान आरक्षक सर्जन सिंह भील, सतना के आरक्षक विकास चतुर्वेदी और शहडोल के आरक्षक महेश पाठक शामिल हैं।
इसके अलावा, सागर जिले में बांदरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की वैन की ट्रक से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में प्रधान आरक्षक परिमल सिंह तोमर की मौत हो गई थी।
पुलिस स्मृति दिवस पर इन सभी 9 पुलिसकर्मियों के परिवारों को सम्मानित कर आर्थिक सहायता और अन्य पात्र लाभ दिए जाएंगे। यह आयोजन कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान और बलिदान को याद करने के लिए किया जाएगा।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →