MP Police Recruitment 2026: मुख्यमंत्री मोहन यादव का ऐलान, दो साल में पुलिस विभाग के 18,500 पदों पर होगी भर्ती

MP Police Recruitment 2026: मुख्यमंत्री मोहन यादव का ऐलान, दो साल में पुलिस विभाग के 18,500 पदों पर होगी भर्ती
इंदौर। मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में पुलिस विभाग के करीब 18,500 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के हर जिले में पुलिस बैंड की व्यवस्था की जाएगी, जिसके लिए 750 पदों पर भर्ती होगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को दशहरे के अवसर पर इंदौर की डीआरपी लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों की पूजा की और प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी 24 घंटे सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्हें कभी भी ड्यूटी पर जाना पड़ता है। सरकार पुलिस विभाग के कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में पदोन्नति के मामलों में सभी का समान रूप से ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने आने वाले साल को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित होंगी।
पदोन्नति और तकनीक पर भी जोर
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की गई है। उनके अनुसार, इंदौर में पांच हजार कर्मचारियों में से 1,700 को पदोन्नति दी गई है, जबकि पूरे प्रदेश में पदोन्नति पाने वाले कर्मचारियों की संख्या 27 हजार से अधिक है।
उन्होंने कहा कि पुलिस तकनीक के जरिए भी लोगों को बेहतर सेवाएं दे रही है। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। बड़े आयोजनों की सुरक्षा के लिए ड्रोन यूनिट तैयार की गई है, जबकि महिला अपराधों की रोकथाम के लिए नवरात्रि के दौरान विभिन्न स्थानों पर शक्ति टीम तैनात की गई थी। राज्य सरकार ने इंदौर पुलिस को 40 से अधिक वाहन भी उपलब्ध कराए हैं।
मुख्यमंत्री ने शस्त्र पूजन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र धारण करने से पहले उनका सम्मान और पूजन करने की परंपरा रही है। इसी के तहत प्रदेश के सभी जिलों में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →