MPPSC State Forest Service Mains 2026: फाइनल आंसर-की जारी, 15 दिन में रिजल्ट का लक्ष्य, OBC आरक्षण पर होगी समीक्षा

भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा-2026 की अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। आयोग ने अगले 15 दिनों के भीतर रिजल्ट घोषित करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, परिणाम जारी करने से पहले भर्ती प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक और कानूनी पहलुओं की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक होगी।
36 पदों पर होना है चयन
राज्य वन सेवा परीक्षा के जरिए कुल 36 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें सहायक वन संरक्षक के 6 और वन क्षेत्रपाल के 30 पद शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया के तहत 26 अप्रैल को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 3 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर कुल 783 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। इनमें 741 अभ्यर्थी मुख्य श्रेणी और 42 अभ्यर्थी प्रावधिक श्रेणी में शामिल थे।
दो प्रश्नों पर मिली थीं आपत्तियां
आयोग ने 27 सितंबर को मुख्य परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा के दो दिन बाद प्रावधिक उत्तरकुंजी जारी कर अभ्यर्थियों को आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया। निर्धारित अवधि में दो प्रश्नों के उत्तरों पर आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनके परीक्षण के लिए विशेषज्ञ समिति बनाई गई। समिति की समीक्षा के बाद आयोग ने अंतिम उत्तरकुंजी जारी की है।
OBC आरक्षण पर भी होगी चर्चा
परिणाम घोषित करने से पहले होने वाली बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण से जुड़े कानूनी पहलुओं और लंबित भर्ती परीक्षाओं के परिणामों की स्थिति पर भी विचार किया जाएगा। आयोग की कोशिश है कि परिणाम जारी करते समय संबंधित नियमों और न्यायालय के निर्णयों का ध्यान रखा जाए।
अंतिम उत्तरकुंजी जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर रिजल्ट पर है। आयोग ने 15 दिनों में परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा है, हालांकि अंतिम घोषणा बैठक में समीक्षा और आगे की प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।





