नरसिंहपुर में ज्वेलर्स से 35 लाख रुपये के जेवर लूटे गाड़ी को टक्कर मारकर आंखों में झोंकी मिर्ची

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बदमाशों ने ज्वेलर्स को निशाना बनाकर करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात सुआतला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रिपटा पुल के पास हुई। बदमाशों ने पहले ज्वेलर्स की गाड़ी को टक्कर मारी, फिर उनकी आंखों में मिर्ची झोंककर हमला किया और जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे ज्वेलर्स
जानकारी के मुताबिक, श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक सौरभ सोनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिपटा पुल के पास बदमाशों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद आंखों में मिर्ची डालकर उनके साथ मारपीट की और बैग छीन लिया।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, बैग में ग्राहकों के गिरवी रखे गहने और मरम्मत के लिए आए सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। इनकी कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
एसपी मौके पर पहुंचे पुलिस की दो टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही नरसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।





