Panna Road Accident: तेज रफ्तार ट्राला ने 5 गायों को कुचला, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा
Panna Road Accident: तेज रफ्तार ट्राला ने 5 गायों को कुचला, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में कटनी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। श्री विद्यासागर गौ रक्षा एवं संवर्धन समिति गौशाला के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राला ने सड़क किनारे चरने जा रहे गायों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में पांच गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताई जा रही हैं।
हादसे की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में तेज रफ्तार ट्राला गायों के झुंड की ओर आता और उन्हें टक्कर मारता दिखाई दे रहा है।
तेज रफ्तार ट्राला ने गायों को रौंदा
जानकारी के मुताबिक, ट्राला क्रमांक NL 01 AG 8485 कटनी की ओर से पवई की तरफ आ रहा था। इसी दौरान गौशाला के पास सड़क पर मौजूद गायों का झुंड उसकी चपेट में आ गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि पांच गायों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर दर्दनाक स्थिति बन गई। वहीं, कई अन्य गायों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
चालक ने भागने की कोशिश की, ग्रामीणों ने पकड़ा
हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, वहां मौजूद चरवाहों और स्थानीय ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्राला और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
गौशाला समिति ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद श्री विद्यासागर गौ रक्षा एवं संवर्धन समिति गौशाला के अध्यक्ष रानू जैन भी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों ने भी तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सड़क पर पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
मृत गायों का पोस्टमार्टम, अंतिम संस्कार कराया
पुलिस ने मृत गायों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं, घायल गायों के उपचार की व्यवस्था भी की जा रही है।
पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसे में ट्राला चालक की लापरवाही की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





