Ratlam News: रतलाम में प्रेमी और रिश्तेदारों की पिटाई से महिला की मौत जमीन के पैसों को लेकर विवाद की आशंका

Ratlam News: रतलाम में प्रेमी और रिश्तेदारों की पिटाई से महिला की मौत जमीन के पैसों को लेकर विवाद की आशंका
रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलौदा में 45 वर्षीय महिला की मारपीट के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, महिला शुक्रवार रात अपने परिचित भरतलाल जाट से मिलने खेत पर पहुंची थी। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साथ कथित तौर पर लकड़ी, डंडे और पाइप से मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर भरतलाल को हिरासत में लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
खेत पर मिलने पहुंची थी महिला
घटना शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे पिपलौदा रोड स्थित बलराम जाट के खेत की बताई जा रही है। मृतका की पहचान सोहनबाई (45), निवासी सैलाना के रूप में हुई है। उनके पति का काफी समय पहले निधन हो चुका था और वह सैलाना में अकेली रहती थीं।
पुलिस के अनुसार, सोहनबाई और पिपलौदा निवासी भरतलाल जाट के बीच पिछले 10 से 15 वर्षों से प्रेम संबंध थे। महिला का भरतलाल के घर भी आना-जाना था। घटना वाली रात वह उससे मिलने खेत पर पहुंची थी, जहां भरतलाल के अलावा राहुल जाट, बलराम जाट और राहुल की पत्नी सीमा भी मौजूद थे।
विवाद के बाद मारपीट का आरोप
पिपलौदा थाना प्रभारी रंजीतसिंह सिंगार के मुताबिक, खेत पर बातचीत के दौरान विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद चारों लोगों ने सोहनबाई के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मारपीट के बाद राहुल जाट ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला जमीन पर घायल अवस्था में मिली। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने बयान में भरतलाल जाट, राहुल जाट, बलराम जाट और सीमा जाट पर मारपीट करने का आरोप लगाया था।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
पुलिसकर्मी सोहनबाई को पहले पिपलौदा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने महिला के बेटे राहुल से संपर्क किया। मेडिकल कॉलेज पहुंचकर बेटे ने शव की पहचान की। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जमीन बेचने से मिले पैसों को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में जमीन बेचने से मिले रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद होने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि भरतलाल और उसके परिवार ने हाल ही में जमीन बेची थी। पुलिस को संदेह है कि सोहनबाई इसी बिक्री से मिले पैसों की मांग कर रही थीं।
हालांकि, विवाद की असल वजह की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक आरोपी हिरासत में तीन की तलाश
पुलिस ने भरतलाल जाट, राहुल जाट, बलराम जाट और सीमा जाट के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के मुताबिक, भरतलाल जाट को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →