रीवा में DIG के गनमैन के घर 40 लाख की चोरी चोर ने पूड़ी-अचार खाया फिर तोड़े लॉकर

रीवा में DIG के गनमैन के घर 40 लाख की चोरी चोर ने पूड़ी-अचार खाया फिर तोड़े लॉकर
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में चोरहटा थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाश रीवा जोन के डीआईजी के गनमैन अशोक तिवारी के घर से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोरी के दौरान परिवार घर में सो रहा था, जबकि बदमाशों ने रसोई में रखी पूड़ी-अचार भी खाया और इसके बाद अलमारी के लॉकर तोड़कर कीमती सामान समेट लिया।
सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे, तो घर का सामान बिखरा मिला। अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे और उनमें रखे सूटकेस व बैग भी खुले पड़े थे। रसोई में पूड़ी-अचार और जूठे बर्तन देखकर परिवार को अंदेशा हुआ कि चोरों ने घर में काफी समय बिताया। इसके बाद जांच करने पर जेवर और नकदी चोरी होने का पता चला।
अशोक तिवारी चोरहटा क्षेत्र के निवासी हैं और रीवा जोन में डीआईजी के गनमैन के रूप में पदस्थ हैं। परिवार के मुताबिक, चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलने पर चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →