MP News: सतना में लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने पर अधिकारी की पत्नी की मौत, अलमारी में रखते समय हुआ हादसा

MP News: सतना में लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने पर अधिकारी की पत्नी की मौत, अलमारी में रखते समय हुआ हादसा
सतना। मध्यप्रदेश के सतना में लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने के बाद सहायक आबकारी अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी दीपमाला सिंह (50) की मौत हो गई। बुधवार शाम घर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
अलमारी में बंदूक रखते समय चली गोली
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को घर में शस्त्र पूजा हुई थी। इसके अगले दिन बुधवार शाम दीपमाला सिंह मंदिर से बंदूक लेकर उसे अलमारी में रख रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उनके पेट में जा लगी। परिजन उन्हें तत्काल सतना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया था।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को कमरे में 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक मिली।
जांच के दौरान किचन के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे हुए कांच बिखरे मिले। हालांकि, घटनास्थल पर खून के निशान या कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला।
फिलहाल, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। गोली चलने की परिस्थितियों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →