शहडोल में अवैध कफ सिरप की खेप पकड़ी गई, रीवा से लाकर बेचते थे आरोपी, 10.35 लाख का मशरूका जब्त</span></span>

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में अवैध कफ सिरप के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से प्रतिबंधित श्रेणी की कफ सिरप की 50 शीशियां बरामद हुई हैं। कार, कफ सिरप और मोबाइल फोन समेत करीब 10 लाख 35 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रीवा से कफ सिरप की खेप ब्यौहारी लाई जा रही है। इसके बाद संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें OHMS फेंडीकफ की 100-100 एमएल की 50 शीशियां मिलीं। इस तरह कुल करीब 5 लीटर कफ सिरप जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रीवा से कफ सिरप खरीदकर ब्यौहारी लाते थे और यहां ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रीवा निवासी मिथलेश मिश्रा और ब्यौहारी निवासी विक्रांत वर्मा के रूप में हुई है। दोनों के बीच वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
एसडीओपी ब्यौहारी ऋषभ झरिया के मुताबिक, मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अवैध कारोबार में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं।





