इंदौर की शोभा पैठणकर बन सकती हैं यूसीसी समिति की सदस्य, राज्य सरकार जल्द जारी कर सकती है आदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर राज्य सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार इंदौर की समाजसेविका और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) की पूर्व सदस्य शोभा पैठणकर को यूसीसी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार जल्द ही उनकी नियुक्ति से जुड़े आधिकारिक आदेश जारी कर सकती है।
शोभा पैठणकर लंबे समय से सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है। प्रशासनिक और सामाजिक अनुभव को देखते हुए उनका नाम यूसीसी समिति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एमपी पीएससी की पूर्व सदस्य रहने के दौरान भी उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक और शैक्षणिक विषयों पर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई थी। इंदौर में सामाजिक क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय और प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में रही है।
राज्य सरकार द्वारा यूसीसी को लेकर विशेषज्ञों, सामाजिक प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनुभवी लोगों को समिति में शामिल करने की कवायद जारी है। इसी क्रम में शोभा पैठणकर का नाम सामने आने के बाद इंदौर सहित प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि समिति का उद्देश्य विभिन्न वर्गों से सुझाव लेकर एक संतुलित और व्यापक मसौदा तैयार करना होगा। सरकार जल्द ही समिति के अन्य सदस्यों के नामों की भी घोषणा कर सकती है।
फिलहाल यूसीसी के लिए बनी समिति
• न्यायमूर्ति रंजना प्रसाद देसाई — समिति की अध्यक्ष
• शत्रुघ्न सिंह
• अनूप नायर
• गोपाल शर्मा
• बुधपाल सिंह





