सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर CM मोहन यादव सख्त, उज्जैन में विकास कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर CM मोहन यादव सख्त, उज्जैन में विकास कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
उज्जैन। मध्य प्रदेश में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को उज्जैन के प्रशासनिक संकुल भवन में हुई समीक्षा बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आवागमन, एयरपोर्ट से जुड़ी व्यवस्थाओं और शहर में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ केवल देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का बड़ा धार्मिक आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाने और प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
महाकाल महालोक के बाद धार्मिक पर्यटन में बढ़ोतरी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2022 में महाकाल महालोक के लोकार्पण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। उन्होंने धार्मिक पर्यटन में लगभग 16 गुना वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के हिसाब से सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। बैठक में शैक्षणिक संस्थानों, आवागमन, एयरपोर्ट और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि सिंहस्थ के लिए होने वाले विकास कार्यों का लाभ आयोजन समाप्त होने के बाद भी उज्जैन के लोगों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को मिलता रहना चाहिए। इसके लिए उज्जैन के साथ संभाग और प्रदेश स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं।
दशहरे पर प्रदेशभर में होंगे शस्त्र पूजन कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने नवरात्रि की नवमी और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। इसी भावना के साथ प्रदेश के विभिन्न स्थानों और पुलिस लाइनों में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार स्वच्छता के साथ रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास पर भी काम कर रही है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →