उज्जैन नगर निगम के अधिकारी का थाईलैंड में मगरमच्छ का मांस खाते वीडियो वायरल, बिना अनुमति विदेश जाने पर कार्रवाई के संकेत

उज्जैन नगर निगम के अधिकारी का थाईलैंड में मगरमच्छ का मांस खाते वीडियो वायरल, बिना अनुमति विदेश जाने पर कार्रवाई के संकेत
उज्जैन। उज्जैन नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर का पत्नी के साथ मगरमच्छ का मांस खाते हुए एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो थाईलैंड का बताया जा रहा है। अधिकारी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘Trying crocodile for the first time in Thailand’, यानी थाईलैंड में पहली बार मगरमच्छ का मांस चखा।
इस मामले में अब अधिकारी की विदेश यात्रा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के मुताबिक, राजकुमार राठौर ने विदेश जाने के लिए विभाग से अनुमति नहीं ली थी। ऐसे में उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
चार दिन की छुट्टी ली लेकिन विदेश यात्रा की अनुमति नहीं
राजकुमार राठौर नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में भवन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। आयुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार, राठौर 19 से 23 अक्टूबर तक अवकाश पर थे, लेकिन उन्होंने विदेश यात्रा के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली थी।
नियमानुसार, विदेश जाने से पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना जरूरी है। यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
वेतनवृद्धि या पदोन्नति रोकने जैसी कार्रवाई संभव
अपर आयुक्त संतोष टैगोर ने भी मामले में कार्रवाई के संकेत दिए हैं। विभागीय नियमों के तहत निंदा, वेतनवृद्धि रोकने या पदोन्नति पर रोक लगाने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि, राजकुमार राठौर के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अंतिम निर्णय विभागीय जांच और तथ्यों के आधार पर लिया जाएगा।
महापौर बोले- वीडियो की पुष्टि कराई जाएगी
महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि फिलहाल उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिलने के बाद वीडियो और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि कराई जाएगी। यदि नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →