उज्जैन में पुलिस टीम पर हमला: मारपीट के आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस पर लाठी-पत्थरों से वार, 4 जवान घायल

मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में मारपीट के आरोपी की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। उन्हेल थाना क्षेत्र के नागझिरी गांव में आरोपी के परिजनों पर पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और लाठी-पत्थर बरसाने का आरोप है। घटना में उपनिरीक्षक धारा सिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपियों ने एसआई की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
8 दिन से थाने नहीं पहुंच रहा था आरोपी
मामला नागझिरी निवासी कंचनबाई, पिता भावसिंह बंजारा की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने करीब आठ दिन पहले पड़ोसी सरदार सिंह के खिलाफ उन्हेल थाने में मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने सरदार पिता गब्बर बंजारा को पूछताछ और शिकायत के निराकरण के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह आठ दिन तक थाने नहीं पहुंचा।
इसके बाद बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे एसआई धारा सिंह चावड़ा पुलिस टीम के साथ शासकीय वाहन से नागझिरी पहुंचे। टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे शामिल थीं। पुलिसकर्मी आरोपी की तलाश में उसके खेत पर बने मकान पर पहुंचे थे।
लाठी-पत्थरों से हमला कर एसआई की वर्दी फाड़ी
थाना प्रभारी संतोष चौहान के अनुसार, पुराने मामले में आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी के परिवार के लोगों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में एसआई धारा सिंह चावड़ा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसआई के साथ मारपीट करने के अलावा उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
सात नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश
पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पूछताछ के लिए दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद गांव में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला।





