Umaria News: उमरिया में मालगाड़ी की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, 3 साल और डेढ़ साल के बच्चे हुए अनाथ

उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के चंदिया में मंगलवार रात दर्दनाक रेल हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। बाजार से घर लौट रहे करन शाह (30) और उनकी पत्नी नैना रेलवे पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 3 साल का और छोटा महज डेढ़ साल का है।
पटरी पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, करन और नैना मंगलवार रात बाजार गए थे। लौटते समय चंदिया के वार्ड क्रमांक 10 स्थित महुआर मोहल्ले में अपने घर जाने के लिए रेलवे पटरी पार कर रहे थे। इसी दौरान दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में नैना के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि करन के दोनों पैर कट गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), चंदिया पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
परिवार में छाया मातम
करन के पिता राजू शाह ने बताया कि करन और नैना बाजार गए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य शहडोल गए हुए थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद वे चंदिया पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था। करन घर का सबसे बड़ा बेटा था। परिवार में उसके माता-पिता और तीन छोटे भाई हैं।
दो मासूम बच्चों की जिम्मेदारी अब चाचा पर
दंपती की मौत के बाद उनके दोनों बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी फिलहाल उनके चाचा संभाल रहे हैं। महज 3 साल और डेढ़ साल की उम्र में बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
जीआरपी कर रही मामले की जांच
जीआरपी के जांच अधिकारी राम लोधी के मुताबिक, पति-पत्नी की मौत मालगाड़ी की टक्कर से हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।





