एसीएस साहब के पास पेंडिंग 6500 फाइलों ने खराब की छुट्टियां : रिटायर्ड आईपीएस सोशल मीडिया पर दे रहे प्रदेश पुलिस को सलाह : ओएसडी की विदाई होते ही मंत्री जी का कामकाज ठप

एसीएस साहब के पास पेंडिंग 6500 फाइलों ने खराब की छुट्टियां : रिटायर्ड आईपीएस सोशल मीडिया पर दे रहे प्रदेश पुलिस को सलाह : ओएसडी की विदाई होते ही मंत्री जी का कामकाज ठप
1. एसीएस साहब के पास पेंडिंग 6500 फाइलों ने खराब की छुट्टियां
प्रदेश के एक एसीएस साहब को फाइलें रोककर रखना इतना भारी पड़ गया कि दस दिन की छुट्टी भी पूरी नहीं कर पाए। साहब जिस विभाग की कमान संभाल रहे हैं, उसके मंत्री खुद मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं कि साहब के यहां फाइलें आगे ही नहीं बढ़ रही हैं। जब पेंडिंग फाइलों का हिसाब-किताब निकलवाया गया तो आंकड़ा 6500 के पार पहुंच गया। इतनी बड़ी संख्या देखकर मुख्यमंत्री का पारा चढ़ गया। उधर साहब दस दिन की छुट्टी पर आराम फरमा रहे थे, लेकिन फाइलों के इस पहाड़ ने उनकी छुट्टियों का मजा किरकिरा कर दिया। नाराज मुख्यमंत्री ने साहब को बीच छुट्टी से वापस बुलवाकर फाइलों का निपटारा करवा दिया। अब साहब की मुश्किल सिर्फ छुट्टियां खराब होने तक सीमित नहीं है। अगली प्रशासनिक फेरबदल में यदि उनके हाथ से विभाग की कमान निकलती है तो इन 6500 फाइलों का हिसाब भी इसकी एक बड़ी वजह हो सकता है।
2. रिटायर्ड आईपीएस सोशल मीडिया पर दे रहे प्रदेश पुलिस को सलाह
पड़ोसी राज्य में स्पेशल डीजी के पद से रिटायर हुए एक आईपीएस साहब इन दिनों अपने राज्य से ज्यादा हमारे प्रदेश की पुलिस की चिंता कर रहे हैं। साहब ने रिटायरमेंट के बाद पुलिस को सलाह देने का नया तरीका भी खोज निकाला है। अब वे सोशल मीडिया के जरिए प्रदेश पुलिस को बता रहे हैं कि उसे कब और कैसे कार्रवाई करनी चाहिए। मजेदार बात यह है कि उनकी सलाह को प्रदेश पुलिस के मुखिया भी पूरी गंभीरता से ले रहे हैं। इतना ही नहीं, रिटायर्ड साहब की सलाह पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी भी उन्हें सोशल मीडिया पर ही दी जा रही है। अब इस अनोखे तालमेल पर सोशल मीडिया यूजर्स भी खूब मजे ले रहे हैं। कुछ लोगों का सवाल है कि क्या प्रदेश पुलिस को अब पड़ोसी राज्य के रिटायर्ड अफसरों से मार्गदर्शन लेना पड़ेगा? वहीं कुछ लोग इसे दो वरिष्ठ आईपीएस अफसरों के बीच अच्छा तालमेल बता रहे हैं। हालांकि, सबसे दिलचस्प बात यह है कि रिटायरमेंट के बाद भी साहब का पुलिस को निर्देश देने और कार्रवाई का हिसाब लेने का अंदाज बरकरार है। फर्क बस इतना आया है कि पहले वर्दी में रहकर यह काम करते थे और अब सोशल मीडिया के जरिए कर रहे हैं।
3. ओएसडी की विदाई होते ही मंत्री जी का कामकाज ठप
कई भारी-भरकम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे एक मंत्री जी का कामकाज पिछले पंद्रह दिनों से लगभग ठप पड़ा है। इसकी वजह न तो विभागों का बोझ है और न ही कोई राजनीतिक नाराजगी, बल्कि उनके चहेते ओएसडी की विदाई है। दरअसल, मंत्री जी के ओएसडी आए दिन किसी न किसी विवाद में उलझ रहे थे। मामला तब ज्यादा बिगड़ गया जब ओएसडी की हरकतों से परेशान एक महिला ने मंत्री जी के बंगले पर ही हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद मंत्री जी को न चाहते हुए भी अपने भरोसेमंद ओएसडी को विदा करना पड़ा। लेकिन ओएसडी के जाते ही मंत्री जी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। साहब ही फाइलों का हिसाब-किताब रखते थे और मंत्री जी को बताते थे कि किस फाइल पर क्या लिखना है। जिन फाइलों में कथित तौर पर लेन-देन की बात बन जाती थी, उन्हें भी ओएसडी तत्काल मंजूर कराकर विभाग भिजवा देते थे। अब मंत्री जी के पास ऐसा कोई भरोसेमंद व्यक्ति नहीं बचा है जो यह जिम्मेदारी संभाल सके। नतीजा यह है कि फाइलें मंत्री जी की टेबल पर पहुंच तो रही हैं, लेकिन आगे बढ़ने का रास्ता नहीं खोज पा रही हैं। मंत्री जी की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कि विभागों की कमान भले ही उनके हाथ में थी, लेकिन कामकाज की असली चाबी ओएसडी साहब के पास ही रहती थी।
4. सलाहकार की नियुक्ति से पहले ही सवालों में घिरे आईएफएस साहब
एक निगम में प्रबंध संचालक की कुर्सी संभाल रहे सीनियर आईएफएस साहब ने सलाहकार की नियुक्ति के लिए विज्ञापन क्या निकाला, अपनी ही बिरादरी के निशाने पर आ गए। साहब ने निगम में सलाहकार रखने के लिए विज्ञापन जारी किया है, लेकिन इसकी शर्तों ने नियुक्ति से पहले ही विवाद खड़ा कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि सवाल उठाने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उन्हीं की बिरादरी का एक रिटायर्ड अफसर है। रिटायर्ड साहब ने सीधे सरकार को शिकायत भेजकर विज्ञापन निरस्त करने की मांग कर दी है। उनका आरोप है कि विज्ञापन की शर्तें इतनी खास तरीके से तैयार की गई हैं कि उन पर केवल एक ही रिटायर्ड अफसर खरा उतरता दिखाई दे रहा है। संयोग से यह अफसर निगम के एमडी साहब का बेहद करीबी भी बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि विज्ञापन की पूरी कवायद इसी खास व्यक्ति को सलाहकार बनाने के लिए की गई है। अब नियुक्ति होगी या विज्ञापन निरस्त होगा, यह तो सरकार तय करेगी, लेकिन फिलहाल साहब की इस नियुक्ति प्रक्रिया ने उनकी अपनी ही बिरादरी में सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिस सलाहकार की नियुक्ति अभी हुई भी नहीं है, उसके लिए सरकार तक शिकायत पहुंच चुकी है।
5. एएसपी के सस्पेंड होते ही पूर्व आईपीएस को याद आए भगवान
भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं। यह मशहूर कहावत एक पूर्व आईपीएस साहब ने अपने मोबाइल पर स्टेटस में क्या लगाई, पुलिस महकमे में इसके मायने निकाले जाने लगे। साहब ने कुछ समय पहले ही आईपीएस की नौकरी से वीआरएस लिया है। दरअसल, जब साहब एक जिले में एसपी हुआ करते थे, तब उनके अधीनस्थ कुछ पुलिस अफसरों को लूट के आरोप में जेल तक जाना पड़ा था। उस पूरे घटनाक्रम को लेकर साहब के मन में लंबे समय से एक टीस थी। उन्हें लगता था कि उनके अधीनस्थ अफसरों को किसी साजिश के तहत फंसाया गया है और इसके पीछे जिले में पदस्थ रहे एक एएसपी की भूमिका थी। हालांकि, यह साहब की अपनी आशंका थी। अब संयोग देखिए कि वही एएसपी एक युवक और युवती को धमकाने के मामले में सस्पेंड हो गए। बस फिर क्या था, पूर्व आईपीएस साहब ने बिना किसी का नाम लिए भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं वाला स्टेटस लगा दिया। देखते ही देखते स्टेटस सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। साहब ने किसी का नाम तो नहीं लिखा, लेकिन पुराने घटनाक्रम से वाकिफ लोग इसका मतलब अपने-अपने हिसाब से निकाल रहे हैं। इतने सालों से दिल में दबाकर रखा दर्द आखिरकार एक छोटी सी स्टेटस लाइन के जरिए बाहर आ ही गया।
6. आईएएस दंपत्ति की शिकायतों ने बढ़ाई जांच एजेंसी की मुश्किल
प्रदेश के एक सीधी भर्ती वाले आईएएस दंपत्ति ने भ्रष्टाचार की जांच करने वाली एजेंसियों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। पति-पत्नी दोनों के खिलाफ लगातार गंभीर शिकायतें पहुंच रही हैं। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता केवल आरोप लगाकर शांत नहीं बैठ रहे, बल्कि अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज भी भेज रहे हैं। इतना ही नहीं, वे लगातार फॉलोअप लेकर पूछ रहे हैं कि आखिर कार्रवाई कब होगी। बताया जाता है कि जांच एजेंसी के कुछ अफसरों को भी शिकायतों में प्रथम दृष्टया दम नजर आ रहा है, लेकिन मामला दो सीधी भर्ती वाले आईएएस अफसरों से जुड़ा होने के कारण आगे की कार्रवाई को लेकर असमंजस बना हुआ है। उधर शिकायतकर्ता किसी भी कीमत पर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनकी मांग है कि दोनों अफसरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाए। अब जांच एजेंसी की परेशानी यह है कि न शिकायतों को आसानी से नजरअंदाज कर पा रही है और न ही कार्रवाई की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा पा रही है। ऐसे में आईएएस दंपत्ति से ज्यादा फिलहाल जांच एजेंसी के अफसरों की बेचैनी बढ़ी हुई है।
7. फाइलों पर साइन करने से डरते हैं युवा आईएएस साहब
प्रदेश के एक युवा आईएएस साहब को इन दिनों फाइलों पर दस्तखत करने से ही डर लगने लगा है। खासकर फाइल किसी टेंडर या आर्थिक मामले से जुड़ी हो तो साहब का पेन आगे बढ़ने का नाम ही नहीं लेता। साहब को डर सताता रहता है कि कहीं दस्तखत करने में कोई गलती हो गई तो लेने के देने न पड़ जाएं। उनकी इस आदत से सीनियर अफसर भी खासे परेशान हैं। बैठकों में कई बार फटकार लग चुकी है, लेकिन साहब हैं कि अपनी आदत बदलने को तैयार नहीं। नतीजा यह है कि विभाग के कई जरूरी काम फाइलों में ही अटके पड़े हैं। दिलचस्प बात यह है कि साहब की इस सावधानी की कीमत पूरे विभाग को चुकानी पड़ रही है। वैसे युवा आईएएस साहब का मन भी अब प्रदेश में ज्यादा दिन टिकने का नहीं है। वे डेप्युटेशन पर जाने के लिए आवेदन भी कर चुके हैं। अब विभाग के अफसरों को समझ नहीं आ रहा कि साहब के दस्तखत का इंतजार करें या उनके डेप्युटेशन पर जाने का। फिलहाल तो साहब का पेन चलने से ज्यादा रुकने में ही भरोसा दिखा रहा है।
8. आखिरकार आईएएस साहब का डेप्युटेशन पर जाने का सपना हुआ पूरा
प्रदेश के एक युवा आईएएस साहब की लंबे समय से चली आ रही मुराद आखिरकार पूरी हो गई है। साहब काफी समय से डेप्युटेशन पर जाने के लिए हाथ-पैर मार रहे थे। आवेदन भी बहुत पहले कर दिया था, लेकिन सरकार थी कि उन्हें अनुमति देने को तैयार ही नहीं थी। साहब की कोशिशें जारी रहीं और आखिरकार सरकार ने भी उनके डेप्युटेशन पर मुहर लगा दी। इतना ही नहीं, मसूरी स्थित प्रशिक्षण अकादमी में उनकी पोस्टिंग के आदेश भी जारी हो गए हैं। अब साहब के रास्ते की लगभग सारी रुकावटें दूर हो चुकी हैं। बस एक आखिरी औपचारिकता बाकी है और वह है प्रदेश सरकार से रिलीव होना। साहब अब इसी आदेश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रिलीव होते ही वे सीधे मसूरी की राह पकड़ लेंगे। वैसे साहब की इस नई पारी को लेकर उनके परिचित भी खुश हैं। आखिर लंबे इंतजार और तमाम कोशिशों के बाद उन्हें प्रदेश से बाहर जाकर काम करने का मौका जो मिल रहा है। अब देखना यह है कि सरकार उन्हें कितनी जल्दी विदा करती है।
9. पेंशन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे रिटायर्ड आईपीएस
प्रदेश के एक रिटायर्ड आईपीएस साहब को वर्दी उतारे लंबा समय बीत चुका है, लेकिन उनकी पेंशन का रास्ता अब तक साफ नहीं हो सका है। दरअसल, साहब के खिलाफ एक आर्थिक मामले में जांच चल रही थी, जिसके चलते उनकी पेंशन अटक गई। साहब ने इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाया तो वहां से उनके पक्ष में आदेश भी हो गया। अदालत के आदेश की प्रति सरकार तक पहुंच चुकी है, लेकिन सरकारी फाइल है कि आगे बढ़ने का नाम ही नहीं ले रही। अब साहब कभी इस अफसर तो कभी उस अफसर के दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं। हर मुलाकात में उन्हें एक ही भरोसा मिलता है कि जल्द आदेश जारी हो जाएगा और पेंशन शुरू हो जाएगी। लेकिन यह जल्द वाला आश्वासन कब हकीकत में बदलेगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि नौकरी में रहते हुए जिन सरकारी दफ्तरों में साहब की बात सुनी जाती थी, रिटायरमेंट के बाद अब उन्हीं दफ्तरों में अपनी पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। अदालत से राहत मिलने के बाद भी साहब को सरकार के आदेश का इंतजार है। फिलहाल उनकी पेंशन से ज्यादा सरकारी आश्वासनों का सिलसिला जारी है।
10. ऑफिस बंद होते ही मोबाइल बंद कर देते हैं सचिव साहब
सीधी भर्ती के एक सचिव स्तर के आईएएस अफसर ने सरकारी नौकरी और निजी जिंदगी के बीच तालमेल बैठाने का अनोखा तरीका खोज निकाला है। साहब का फंडा बिल्कुल साफ है कि कार्यालयीन समय खत्म तो मोबाइल भी बंद। वे बैठकों में साथी अफसरों को बड़े गर्व से बताते हैं कि उनका मोबाइल सिर्फ ऑफिस टाइम में ही चालू रहता है। जैसे ही कार्यालय का समय समाप्त होता है, साहब मोबाइल स्विच ऑफ कर देते हैं। फिर चाहे किसी को कितना भी जरूरी काम क्यों न हो, साहब से बात अगले दिन कार्यालय खुलने के बाद ही हो सकती है। दिलचस्प बात यह है कि साहब इस व्यवस्था को केवल खुद तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि दूसरे अफसरों को भी इसे अपनाने की सलाह दे रहे हैं। हालांकि, प्रशासनिक व्यवस्था में कई बार देर रात तक जरूरी काम और फोन आते रहते हैं। ऐसे में साहब का यह फंडा दूसरे अफसरों के लिए कितना व्यावहारिक होगा, यह अलग सवाल है। फिलहाल साहब ने अपनी तरफ से साफ कर दिया है कि सरकारी फाइलें और फोन कॉल अपनी जगह हैं, लेकिन ऑफिस टाइम के बाद उनका मोबाइल आराम करेगा।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →