Amit Shah Bhopal Visit: 3 अक्टूबर को 35 हजार गोपालकों से संवाद करेंगे अमित शाह, ₹16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का उद्घाटन

Amit Shah Bhopal Visit: 3 अक्टूबर को 35 हजार गोपालकों से संवाद करेंगे अमित शाह, ₹16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का उद्घाटन
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और करीब 23 घंटे के प्रवास के बाद 3 अक्टूबर की रात यहां से रवाना होंगे। उनके दौरे में गोपालक सम्मेलन, डेयरी परियोजनाएं, नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी और IISER परिसर से जुड़े कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
भेल मैदान में जुटेंगे 35 हजार से ज्यादा गोपालक
अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य पहुंचेंगे।
सम्मेलन में पशुपालकों को बोनस राशि का वितरण, गौशालाओं के लिए सहायता, गोपालक दीदियों का सम्मान और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाने हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश में चल रहे कृषक कल्याण वर्ष और बलराम कृषि महोत्सव के तहत हुए कार्यों का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग की ओर से अपनी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
₹16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का उद्घाटन
अमित शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन करेंगे। करीब ₹16.80 करोड़ की लागत से तैयार इस प्लांट के लिए केंद्र सरकार की ओर से ₹6 करोड़ का अनुदान दिया गया है, जबकि ₹10.80 करोड़ का योगदान भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने किया है।
प्लांट की प्रतिदिन 40 हजार लीटर की प्रसंस्करण क्षमता बताई गई है। यहां दूध से दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जाएंगे।
प्लांट में प्रतिदिन करीब 10 हजार लीटर दूध और 10 हजार लीटर दही तैयार करने की क्षमता होगी। इसके अलावा 30 हजार लीटर छाछ, 1 हजार लीटर लस्सी, 800 किलो श्रीखंड और 1 हजार किलो मावा तैयार करने की क्षमता भी विकसित की गई है।
इस परियोजना का उद्देश्य सांची के कारोबार को केवल तरल दूध की बिक्री तक सीमित रखने के बजाय दूध से बनने वाले मूल्यवर्धित उत्पादों का उत्पादन बढ़ाना है।
उज्जैन में ₹255 करोड़ के डेयरी प्लांट की परियोजना भी शामिल
अमित शाह के दौरे में मध्यप्रदेश के डेयरी क्षेत्र से जुड़ी अन्य परियोजनाएं भी शामिल हैं। इनमें उज्जैन में प्रस्तावित ₹255 करोड़ का डेयरी प्लांट, दुग्ध प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस और गौशालाओं के लिए सहायता देने का कार्यक्रम भी है।
नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का उद्घाटन
भेल दशहरा मैदान में पुलिस मुख्यालय की ओर से नए आपराधिक कानूनों और न्याय व्यवस्था पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी लगाई गई है। अमित शाह इसके उद्घाटन के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसमें नए कानूनों और पुलिस व्यवस्था में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा।
IISER परिसर का शिलान्यास
दौरे के दौरान अमित शाह भोपाल बायपास के पास भौंरी में IISER परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस मौके पर परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है।
3 अक्टूबर रात भोपाल से रवाना होंगे
अमित शाह 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम के बाद 3 अक्टूबर को दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार उनका भोपाल से प्रस्थान 3 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे प्रस्तावित है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →