आसाराम ने 6 घंटे की देरी से किया जोधपुर जेल में सरेंडर सुप्रीम कोर्ट से पैरोल बढ़ाने की याचिका खारिज

आसाराम ने 6 घंटे की देरी से किया जोधपुर जेल में सरेंडर सुप्रीम कोर्ट से पैरोल बढ़ाने की याचिका खारिज
आसाराम ने बुधवार सुबह जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर कर दिया। इससे पहले मंगलवार रात करीब 10:45 बजे जेल पहुंचने पर अधिकारियों ने उसे प्रवेश नहीं दिया था। पैरोल खत्म होने के बाद उसे मंगलवार शाम 5 बजे तक सरेंडर करना था, लेकिन वह करीब छह घंटे की देरी से पहुंचा। इस मामले में उसके खिलाफ रातानाड़ा थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान हाईकोर्ट ने आसाराम को 6 अक्टूबर को 20 दिन की पैरोल दी थी, जो 26 अक्टूबर को समाप्त हो गई। पैरोल बढ़ाने के लिए उसने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन मंगलवार सुबह अदालत ने मेडिकल आधार पर पैरोल बढ़ाने से इनकार करते हुए उसे सरेंडर करने का आदेश दिया।
इसके बाद आसाराम मंगलवार रात एयर एंबुलेंस से उज्जैन से जोधपुर पहुंचा। रात करीब 10:45 बजे वह सेंट्रल जेल पहुंचा, लेकिन जेल अधिकारियों ने बंदियों के रात्रिकालीन प्रवेश से जुड़े नियमों का हवाला देते हुए उसे वापस लौटा दिया। इसके बाद वह भगत की कोठी स्थित आरोग्यम अस्पताल में रातभर रुका।
बुधवार सुबह उसके वकीलों ने सरेंडर से जुड़ी कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद सुबह करीब 9:45 बजे आसाराम ने जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय पर सरेंडर नहीं करने के मामले में आसाराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 58(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →