धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने करवा चौथ को बताया ‘खसम पूजन दिवस’, बोले- 364 दिन पतियों को ताने न मारें

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने करवा चौथ को लेकर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की है। शिवपुरी जिले के करैरा में श्रीराम कथा कर रहे शास्त्री ने करवा चौथ को ‘खसम पूजन दिवस’ बताया। उन्होंने कहा कि पत्नियां एक दिन व्रत रखती हैं, लेकिन बाकी 364 दिन पतियों को ताने नहीं मारने चाहिए।
सोमवार को कथा के दौरान आयोजित ‘सीधी बात’ सत्र में एक अनुयायी ने उनसे करवा चौथ का व्रत रखने को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि व्रत रखने के साथ पूरे साल भी पति के प्रति वही भावना और व्यवहार बनाए रखना चाहिए।
‘करवा चौथ पर एक संकल्प जरूर लें’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए जिस श्रद्धा और साधना से प्रार्थना की जाती है, वही भावना पूरे साल बनी रहनी चाहिए। उन्होंने व्रत के साथ एक संकल्प लेने की बात भी कही और कहा कि तभी व्रत सार्थक होगा।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में पत्नियों की ओर से कहे जाने वाले तानों का जिक्र करते हुए कहा कि एक दिन व्रत रखने के बाद बाकी दिनों में पति को यह नहीं सुनाना चाहिए कि उनसे शादी क्यों की।
श्रीराम कथा में पहुंचीं पूर्व मंत्री इमरती देवी
शिवपुरी के करैरा में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा के चौथे दिन भगवान श्रीरामलला का प्राकट्योत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री इमरती देवी भी कथा सुनने पहुंचीं। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के प्राकट्योत्सव के बधाई गीत गाए गए, जिन पर इमरती देवी श्रद्धालुओं के साथ झूमती नजर आईं।





