अशोकनगर में एक दिन की नवजात बेटी की हत्या, मां ही निकली आरोपी; दूसरी बेटी होने से थी तनाव में

अशोकनगर। जिला अस्पताल के प्रसूता वार्ड में एक दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि बच्ची की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी मां ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 3 अक्टूबर को जिला अस्पताल अशोकनगर से प्रसूता वार्ड में एक नवजात बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना कोतवाली पुलिस को मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्ची की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
एसपी राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली को आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। प्रसूता वार्ड के भीतर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस के सामने चुनौती थी। ऐसे में पुलिस टीम ने वार्ड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और बच्ची के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की।
पूछताछ और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह बच्ची की मां पर गहराता गया। बयानों में सामने आए विरोधाभासों के बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की। इसके बाद उसने नवजात की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की पहले से एक बेटी है। परिवार और समाज की ओर से बेटे की चाहत और उम्मीदों के बीच वह इस बार पुत्र होने की उम्मीद कर रही थी। 2 अक्टूबर की देर रात जब उसने दोबारा बेटी को जन्म दिया तो वह कथित तौर पर मानसिक तनाव और विचलित अवस्था में चली गई। इसी दौरान उसने नवजात बच्ची का गला दबा दिया।
मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





